menu-icon
India Daily

40 साल का इंतजार होगा खत्म, पताही एयरपोर्ट से फिर उड़ेंगे विमान; जानें कब CM सम्राट करेंगे शिलान्यास

मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट के पुनर्निर्माण का शिलान्यास 7 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. करीब चार दशक से यहां नियमित विमान सेवा बंद है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
40 साल का इंतजार होगा खत्म, पताही एयरपोर्ट से फिर उड़ेंगे विमान; जानें कब CM सम्राट करेंगे शिलान्यास
Courtesy: Pinterest

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर और पूरे उत्तर बिहार के लोगों के लिए पताही एयरपोर्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. करीब चार दशक से बंद पड़ी नियमित विमान सेवा को दोबारा शुरू करने की दिशा में अब काम आगे बढ़ रहा है. 7 सितंबर को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पताही एयरपोर्ट के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

पताही एयरपोर्ट का इतिहास करीब छह दशक पुराना है. यहां एक समय नियमित यात्री विमान सेवा संचालित होती थी. वर्ष 1967 से 1982 के बीच मुजफ्फरपुर और पटना के बीच छोटे यात्री विमानों की सेवा चलती थी. उस समय करीब 3600 फीट लंबे रनवे का इस्तेमाल विमानों के लिए किया जाता था. लेकिन 1982 के बाद नियमित विमान सेवा बंद हो गई.

कितने समय बाद दोबारा रहा शुरू?

इसके बाद एयरपोर्ट का इस्तेमाल काफी सीमित हो गया. कभी कभार राजनीतिक कार्यक्रमों और हेलिकॉप्टर की आवाजाही के लिए इसका उपयोग किया जाता रहा. अब करीब चार दशक बाद यहां से दोबारा नियमित विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है.

नए सिरे से विकसित होगा एयरपोर्ट

पताही एयरपोर्ट को क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके विकास में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी AAI की भूमिका है. प्रस्तावित योजना के तहत रनवे को बेहतर करने, नया टर्मिनल भवन बनाने और एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC टावर जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है.

शुरुआती चरण में छोटे विमानों की सेवा शुरू करने की योजना बताई जा रही है. इसके अलावा यहां पायलट ट्रेनिंग सेंटर बनाने की भी तैयारी है. इससे एयरपोर्ट को सिर्फ यात्री विमान सेवा तक सीमित रखने के बजाय प्रशिक्षण गतिविधियों से भी जोड़ने की संभावना है.

7 सितंबर को होगा शिलान्यास

एयरपोर्ट के पुनर्निर्माण की दिशा में 7 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय और बिहार सरकार के कई मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की उम्मीद है. हालांकि नियमित विमान सेवा शुरू होने की वास्तविक तारीख निर्माण और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

पूरे उत्तर बिहार को मिल सकता है फायदा

पताही एयरपोर्ट शुरू होने से मुजफ्फरपुर के साथ उत्तर बिहार के कई जिलों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार का प्रमुख आर्थिक और कारोबारी केंद्र है. हवाई सेवा शुरू होने से व्यापारियों, उद्योगों और दूसरे यात्रियों को दूसरे शहरों तक पहुंचने में सुविधा हो सकती है.