US Israel Iran War

नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बिहार में बढ़ा कद, सम्राट कैबिनेट में होगी एंट्री?

बिहार में कैबिनेट का विस्तार होना है, जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शामिल हो सकते हैं. जेडीयू के भीतर उनकी भूमिका बढ़ रही है और शपथ ग्रहण के साथ उनके मंत्री बनने की संभावना बढ़ रही है.

social media
Kuldeep Sharma

पटना: बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम बढ़ाते दिख रहे हैं. खबर ये है कि वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं. हाल ही में उन्होंने पार्टी के भीतर अपना रोल बढ़ाने के संकेत दिए हैं. इस संभावित फैसले को जेडीयू के भीतर नई पीढ़ी की लीडरशिप को आगे लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

निशांत कुमार बन सकते हैं मंत्री

सूत्रों से मिली जानाकरी के अनुसार निशांत कुमार जल्द ही बिहार सरकार में मंत्री के रूप में शामिल हो सकते हैं. यह खबर उस समय सामने आई है जब सम्राट चौधरी ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद यह बदलाव देखने को मिला है. गौरतलब है कि निशांत कुमार ने अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखी थी, लेकिन अब वह प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार दिख रहे हैं.

निशांत कुमार कैसे हुए तैयार

बताया जा रहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के लगातार आग्रह के बाद निशांत कुमार ने यह फैसला लिया. पहले वह किसी भी पद को स्वीकार करने में हिचकिचा रहे थे और संगठन में कार्यकर्ता के तौर पर अनुभव हासिल करना चाहते थे. हालांकि पार्टी के भीतर उनकी बढ़ती लोकप्रियता और भविष्य की भूमिका को देखते हुए उन्होंने अब सरकार में शामिल होने के लिए सहमति दे दी है.


सद्भाव यात्रा से की थी शुरआत

राजनीति में आने के बाद निशांत कुमार ने 3 मई से ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ना बताया गया. इस यात्रा के जरिए उन्होंने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ बनाने की कोशिश की थी. इससे यह भी संकेत मिला कि वह अब केवल पर्दे के पीछे नहीं रहना चाहते, बल्कि सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं.

इन नेताओं की भी हो रही चर्चा

निशांत के साथ-साथ जेडीयू के अन्य युवा नेताओं को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है. इनमें राहुल रंजन, नवीन कुमार मंडल, चेतन आनंद जैसे नामों की चर्चा हो रही है. हालांकि आखिरी फैसला शपथ ग्रहण के बाद ही साफ होगा. पार्टी चाहती है कि कैबिनेट में संतुलन बनाए रखते हुए नए और अनुभवी चेहरों को जगह दी जानी चाहिए. ऐसे में निशांत कुमार की एंट्री को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.