बिहार में शख्स ने कोबरा को 'डसा', चंद मिनटों में सांप ने तोड़ा दम; आखिर कैसे बची शख्स की जान?
Nawada News: बिहार से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. आमतौर पर सांप के काटने से लोगों की मौत की खबर आती है, लेकिन नवादा जिले में एक शख्स ने सांप को काट लिया, जिसके चंद मिनट के बाद सांप की ही मौत हो गई. शख्स झारखंड के लातेहार का रहने वाला है और रेलवे कर्मचारी बताया जा रहा है. फिलहाल, ऐहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Nawada News: नवादा के रजौली में एक रेलवे कर्मचारी को सोने के दौरान सांप ने काट लिया. शख्स को बज चुभन महसूस हुई, तो उसने सांप को देखा और तुरंत उसे पकड़ लिया. फिर उसने सांप को दो से तीन बार काट लिया. कहा जा रहा है कि चंद मिनट बाद सांप की ही मौत हो गई. ऐहतियात के तौर पर शख्स को अस्पताल में एडमिट कराया गया है. शख्स की पहचान 35 साल के संतोष लोहार के रूप में हुई है, जो झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला है. घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है.
संतोष लोहार के मुताबिक, खाना खाने के बाद वो सो रहा था. इसी दौरान उसने सांप ने काट लिया. उसने कहा कि बचपन में उसने सुना था कि अगर सांप काटे तो आपको सांप को काट लेना चाहिए, इससे जहर का असर कम होता है. इसलिए मैंने ऐसा ही किया. इसके बाद वो डॉ. सतीश चंद्र सिन्हा के पास पहुंचा. डॉक्टर ने बताया कि संतोष लोहार को तुरंत इलाज के लिए रजौली अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
रेलवे ट्रैक बिछाने वाली टीम का हिस्सा है संतोष
संतोष के मुताबिक, वो राजौली के घने जंगल में रेलवे ट्रैक बिछाने वाली टीम का हिस्सा है. सभी मजदूर रात को अस्थायी तौर पर बनाए गए अपने बेस कैंप में सो रहे थे. इसी दौरान संतोष को महसूस हुआ कि कुछ चुभ रहा है. जब उसने उठकर देखा तो सामने सांप दिखा. इसके बाद उसने सांप को पकड़ा औऱ दांत से काट लिया. संतोष ने बताया कि बचपन में जो कुछ सुना था, उसी के मुताबिक सबकुछ किया. बूढ़े-बुजुर्ग कहते थे कि अगर कोई सांप एक बार काटे, तो आप उसे पकड़कर दो बार काट लीजिए.
डॉक्टर के मुताबिक, सांप के काटने के शिकार संतोष की हालत बिलकुल ठीक है. इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया है. साथ ही हिदायत भी दी गई है कि अगर कोई परेशानी हो तो तत्काल अस्पताल जाकर डॉक्टर से संपर्क करे. घटना को लेकर स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. किसी का दावा है कि सांप जहरीला नहीं था, तो किसी का दावा है कि वो कोबरा था.