menu-icon
India Daily

गर्लफ्रेंड से शादी करने की जिद पर अड़ा युवक, ट्रक के आगे कूदकर की सुसाइड करने की कोशिश

मुजफ्फरपुर जिले में प्रेम विवाह को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी न होने पर जान देने की कोशिश कर दी. वह हाईवे पर ट्रक के सामने कूद पड़ा, लेकिन ट्रक ड्राइवर की सतर्कता से उसकी जान बच गई. 

antima
Edited By: Antima Pal
गर्लफ्रेंड से शादी करने की जिद पर अड़ा युवक, ट्रक के आगे कूदकर की सुसाइड करने की कोशिश
Courtesy: x

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रेम विवाह को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी न होने पर जान देने की कोशिश कर दी. वह हाईवे पर ट्रक के सामने कूद पड़ा, लेकिन ट्रक ड्राइवर की सतर्कता से उसकी जान बच गई. 

परिवारों के बीच मतभेद के कारण मामला थाने पहुंचा

कच्ची-पक्की पुलिस चौकी क्षेत्र के शेरपुर इलाके में रहने वाले एक युवक और स्थानीय युवती के बीच काफी समय से प्यार का रिश्ता चल रहा था. दोनों एक ही जाति के थे और शादी करने के इच्छुक थे. परिवारों के बीच मतभेद होने के कारण मामला थाने पहुंच गया. पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायत का आयोजन किया.

प्रेमी ने ट्रक के आगे कूदकर लगाई जान की बाजी

पंचायत में शुरुआत में दोनों परिवार शादी के लिए तैयार नजर आए. लेकिन अचानक लड़के के पिता ने अपना रुख बदल लिया और साफ मना कर दिया. पिता के इस फैसले से युवक बहुत टूट गया. वह गुस्से और निराशा में थाने से बाहर निकल आया.

बाल-बाल बचा युवक

युवक सीधा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर पहुंच गया. वहां उसने बीच सड़क पर लेटकर यातायात रोक दिया. जब सामने से तेज रफ्तार ट्रक आया तो युवक ने उसके आगे छलांग लगा दी. उसने चिल्लाकर कहा- 'अगर मेरी गर्लफ्रेंड से शादी नहीं कराओगे तो जान दे दूंगा.' ट्रक चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया और युवक बाल-बाल बच गया. आसपास मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों ने तुरंत युवक को सड़क से हटाया. 

इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने युवक को तुरंत शांत किया और उसे समझाने की कोशिश की. कच्ची-पक्की ओपी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि युवक को काउंसलिंग के बाद शांत करा लिया गया है. फिलहाल दोनों परिवारों के बीच बातचीत जारी है. लड़की का परिवार अब भी शादी के लिए तैयार है. 

यह घटना प्रेम, परिवार की सहमति और सामाजिक दबाव के बीच फंसे युवाओं की मानसिक स्थिति को दर्शाती है. कई बार छोटी-छोटी बातों पर युवा इतने निराश हो जाते हैं कि वे जीवन से हाथ धो बैठते हैं. पुलिस अब दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला सुलझाने की कोशिश कर रही है. युवक की सुरक्षा के लिए भी जरूरी कदम उठाए गए हैं.