नाबालिग का आधा सिर मुंडवा कर लड़की के साथ लड़के को पूरे गांव में घुमाया, फिर जबरन कराई गई शादी; एक गिरफ्तार
कटिहार में नाबालिग लड़के का आधा सिर मुंडवाकर उसे गांव में घुमाया गया और लड़की के साथ जबरन शादी कराई गई. चलिए जानते हैं पुलिस ने क्या लिया एक्शन.
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो इंसानियत को शर्मसार करती है. यहां एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं. यह मामला कुरसेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी के उस पार स्थित गोबराही दियारा इलाके का है. ग्रामीणों ने कथित तौर पर लड़के और लड़की को एक साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था.
इसके बाद लड़के को सरेआम जलील किया गया. उसका आधा सिर मुंडवा दिया गया और उसे पूरे गांव में घुमाया गया. इसके बाद दोनों की जबरदस्ती शादी करवा दी गई. बताया जा रहा है कि यह घटना कुछ दिन पहले हुई थी लेकिन पुलिस तक यह मामला तब पहुंचा जब इसका वीडियो वायरल हो गया.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई ग्रामीण उस किशोर को पकड़कर उसका सिर मुंड रहे हैं, जबकि उनके चारों ओर भारी भीड़ जमा है. इसके बाद उस किशोर को पूरे गांव में घुमाया गया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी. वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाबालिग लड़की के एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है. इस बीच अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का क्या है कहना?
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के मुखिया ललन राम ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उन्हें एक वार्ड सदस्य के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली थी.
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह का बर्ताव पूरी तरह से गैर-कानूनी और अमानवीय है. न तो पंचायत और न ही ग्रामीणों के पास किसी को इस तरह से दंडित करने का कोई अधिकार है.
DSP रंजन सिंह ने क्या बताया?
कोढ़ा पुलिस सब-डिवीजन के DSP रंजन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी लोगों की पहचान की जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि पूरे मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और इस घटना में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.