सेप्टिक टैंक बना मौत का कुआं, जहरीली गैस से घुटा दम, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
बिहार के हाजीपुर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. घटना वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.
यह घटना वैशाली जिला के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव की है. रविवार दोपहर एक परिवार अपने घर के सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर पहले से जमा जहरीली गैस अचानक फैल गई, जिससे अंदर उतरे लोग बेहोश हो गए.
सफाई के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार के एक सदस्य के टैंक में उतरने के बाद जब वह बाहर नहीं निकला तो दूसरे सदस्य उसे बचाने के लिए अंदर गए. इसी क्रम में एक के बाद एक चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए. सेप्टिक टैंक में मौजूद गैस बेहद खतरनाक होती है और बिना सुरक्षा उपकरण के अंदर जाना जानलेवा साबित हो सकता है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी ने भी सुरक्षा मास्क या ऑक्सीजन उपकरण का इस्तेमाल नहीं किया था.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे. काफी प्रयास के बाद चारों को बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम छा गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सदर क्षेत्र के उपमंडल मजिस्ट्रेट राम बाबू बैठा ने बताया कि अधिकारियों को दोपहर में सूचना मिली थी कि अनवरपुर गांव में चार लोग सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बेहोश हो गए हैं. अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी.