IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War

बिहार: दानापुर में छत गिरने से एक ही घर के पांच सदस्यों मौत, हादसे के वक्त गहरी नींद में था परिवार

बिहार के दानापुर में इंदिरा आवास योजना के तहत बने पुराने मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे के वक्त सभी सदस्य सो रहे थे. आर्थिक तंगी के कारण जर्जर घर की मरम्मत नहीं करा पाये थे.

Grok AI
Km Jaya

दानापुर: बिहार के पटना जिले के दानापुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. यह घटना मानस गांव में हुई जहां इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक पुराने घर की छत अचानक गिर गई.  जिस समय पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था. अचानक छत के ढह जाने से सभी मलबे के नीचे दब गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया.

स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतकों की पहचान बाबलू खान, उनकी पत्नी रोशन खातून, बेटा मोहम्मद चांद, बेटी रुखशार और सबसे छोटी बेटी चांदनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त रात का खाना खाने के बाद सभी सदस्य सोने चले गए थे. अचानक तेज आवाज के साथ छत गिर गई जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया और उनकी मौत हो गई.

गांववालों ने क्या बताया?

गांववालों ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

क्या था हादसा का कारण?

जानकारी के अनुसार, जिस घर की छत गिरी, वह कई साल पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था. घर की दीवारों और छत में पहले से ही दरारें थीं और वह जर्जर हालत में था. आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से परिवार घर की मरम्मत नहीं करा सका. यही लापरवाही पांच लोगों की जान लेने का कारण बन गई.

गांव के लोगों ने प्रशासन से की ये मांग?

गांव के लोगों ने बताया कि इलाके में कई ऐसे मकान हैं जो इंदिरा आवास योजना के तहत बने हैं और अब खस्ताहाल हो चुके हैं. लोगों ने प्रशासन से इन घरों की जांच कराने और जरूरी मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें. इस हादसे से पूरा गांव मातम में डूबा हुआ है और हर कोई इस परिवार की मौत पर गहरा दुख जता रहा है.