Budget 2026

ICC Under19 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को पीटा, खिताब जीतने का सपना भी किया चकनाचूर; शान से सेमीफाइनल में अपना स्थान किया पक्का

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.

Social Media
Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 58 रन से हरा दिया है. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का विजय रथ जारी है. अभी तक एक भी मुकाबले में हार का सामना नहीं करना पड़ा है. भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इसी के साथ पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. 

इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की. दोनों ने संभलकर खेलते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश की. हालांकि, यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. वैभव सूर्यवंशी के रूप में भारत को पहला झटका लगा. वैभव ने 30 रन बनाए और बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहे.

फ्लॉप हुए कप्तान आयुष म्हात्रे

इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे से काफी उम्मीदें थी, लेकिन उनका बल्ला इस मैच में नहीं चला. वह सिर्फ 2 गेंदों का सामना कर सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. कप्तान के जल्दी आउट होने से भारतीय पारी दबाव में आ गई. इसी दौरान भारतीय को एक के बाद एक झटके लगे और 47 के स्कोर पर ही भारत ने तीन विकेट गंवा दिए.

वेदांत त्रिवेदी की शानदार पारी

इसके बाद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को संभालने की कोशिश की. इस मैच में भारत की ओर से वेदांत त्रिवेदी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 98 गेंदों में 68 रन बनाए और पारी को संभाला. वेदांत का यह अर्धशतक भारतीय टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ. उनके अलावा अंबरीश ने 29 रन, कनिष्क चौहान ने 35 रन और खिलन पटेल ने 21 रन का योगदान दिया. इन सभी बल्लेबाजों की मदद से भारतीय टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.

पाकिस्तान की खराब शुरूआत

भारत द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी खास नहीं रही. टीम को पहला झटका 23 रन के स्कोर पर लगा. समीर मिन्हास से बड़ी पारी की उम्मीद थी और वह कुछ खास नहीं कर सके. समीप मिन्हास 11 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर और उस्मान खान ने पारी को संभालने की कोशिश की. हमजा जहूर ने 42 रन बनाए, जबकि उस्मान खान ने शानदार 66 रनों की पारी खेली. हालांकि, इन दोनों बल्लेबाजों की कोशिशें भी पाकिस्तान को जीत की राह पर नहीं ले जा सकी.

भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी

इन दोनों के आउट होने के बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए. कई बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. खासतौर पर कप्तान आयुष म्हात्रे ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके. वही, खिलन पटेल ने भी 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. पाकिस्तान की पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह शानदार गेंदबाजी और संयमित बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया.