Bihar Crime: मंदार हिल पर युवती से बदसलूकी और चप्पल से मारपीट का VIDEO वायरल, 6 अज्ञात युवकों पर FIR
बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध मंदार हिल से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सामने आया है. वीडियो सोशल मीडिया के जरिए 22 सितंबर को पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद बौंसी पुलिस ने मौके का सत्यापन किया और छह अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की.
बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदार हिल से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते और चप्पल से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद बौंसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छह अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो सोशल मीडिया सेल के जरिए 22 सितंबर को सामने आया. इसके बाद पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रही जगह का मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया. जांच में लोकेशन मंदार पर्वत की पाई गई.
सोशल मीडिया से पुलिस तक पहुंचा वीडियो
जानकारी के मुताबिक बौंसी थाना प्रभारी पंकज कुमार झा के WhatsApp नंबर पर 22 सितंबर को वायरल वीडियो पहुंचा था. वीडियो मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंदार हिल पहुंचे और वीडियो में दिखाई दे रही जगह का मिलान किया. पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ की, ताकि वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा सके.
वीडियो में युवती के साथ बदसलूकी का आरोप
वायरल फुटेज में कई युवक एक युवती के आसपास नजर आते हैं. पुलिस के अनुसार, वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकत की जा रही है. एक युवक के हाथ में चप्पल भी दिखाई देती है और युवती के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है. पुलिस ने वीडियो को मामले की जांच में अहम सबूत के तौर पर शामिल किया है. फिलहाल वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की कोशिश की जा रही है.
6 अज्ञात युवकों पर दर्ज हुई FIR
मामले में बौंसी थाना प्रभारी के बयान के आधार पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.