चिराग पासवान के विधायक ने पेश की अनोखी मिसाल, जनता के नाम किया अपना सरकारी बंगला
बिहार में चिराग पासवान के विधायक ने विधायक ने अपना सरकारी बंगला किया जनता के नाम. राजनीति में बना नया मिसाल.
बिहारः राजनीति में अक्सर नेताओं के ठाठ-बाट और वीआईपी कल्चर की खबरें सुर्खियां बनती हैं. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक विधायक ने एक ऐसी अनोखी मिसाल कायम की है जिसकी चर्चा आज पूरे राज्य में हो रही है. औरंगाबाद जिले की ओबरा विधानसभा सीट से विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने पटना स्थित अपना नया सरकारी आवास आम जनता की सेवा के लिए पूरी तरह से समर्पित कर दिया है.
चुनावी वादे को किया सच
अक्सर चुनाव जीतने के बाद नेता अपने वादे भूल जाते हैं, लेकिन डॉ. प्रकाश चंद्र ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया है. राजधानी पटना में मिला उनका सरकारी बंगला अब उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बन गया है. इस जनता आवास का औपचारिक उद्घाटन 2 मार्च 2026 को किया जाएगा.
मुफ्त सुविधाएं: ओबरा इलाके से जो भी लोग गंभीर बीमारी के इलाज, प्रतियोगी परीक्षा या किसी जरूरी सरकारी काम से पटना आएंगे, उनके लिए इस बंगले में ठहरने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था एकदम मुफ्त होगी.
फैसले की असल वजह: विधायक ने बताया कि उन्होंने हमेशा से महसूस किया था कि उनके क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों को पटना आकर महंगे होटलों का खर्च उठाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी मजबूरी को दूर करने के लिए उन्होंने चुनाव के दौरान यह संकल्प लिया था.
कौन हैं डॉ. प्रकाश चंद्रा?
एक जमीनी नेता के तौर पर डॉ. प्रकाश चंद्रा की पहचान है. उन्होंने 2004 में तरारी विधानसभा सीट से पंचायत समिति सदस्य चुनकर अपने पॉलिटिकल करियर की शुरुआत की थी. उस समय मुखिया बनने के लिए उन्हें 21 में से 14 सदस्यों का सपोर्ट मिला था, लेकिन आखिरी समय में उन्होंने सत्ता के बजाय समाज सेवा को चुनते हुए सीट लेने से मना कर दिया था. इसके बाद वे सालों तक समाज सेवा में एक्टिव रहे. उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आज़माई, लेकिन हार का सामना करना पड़ा. हार के बावजूद उन्होंने इलाके में अपनी एक्टिविटी कम नहीं की और 2025 में लोगों ने उन्हें MLA चुना.
ओबरा सीट जीतने के लिए प्रकाश चंद्रा ने किसे हराया?
2020 का बिहार विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद प्रकाश चंद्रा इलाके की सेवा करते रहे. 2025 के विधानसभा चुनाव में ओबरा सीट पर कड़ा मुकाबला हुआ. डॉ. प्रकाश चंद्रा ने RJD कैंडिडेट ऋषि कुमार को हराया. इलेक्शन कमीशन के डेटा के मुताबिक, उन्हें 91,638 वोट मिले, जबकि उनके विरोधी को 79,625 वोट मिले. इसका मतलब है कि डॉ. प्रकाश चंद्रा लगभग 20,000 वोटों से जीते.