बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में वरिष्ठ IAS अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं. इसमें अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं. इसके साथ ही जिला प्रशासन में भी फेरबदल हुआ है. भोजपुर, सीतामढ़ी, सिवान, कैमूर और बेगूसराय में नई तैनाती की गई है. आदेश राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है.
एच.आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण से ग्रामीण विकास विभाग भेजा गया है. पंकज कुमार को ग्रामीण विकास से गृह विभाग की जिम्मेदारी मिली है. विनय कुमार वित्त विभाग में गए हैं, जबकि नगर विकास का अतिरिक्त प्रभार उनके पास रहेगा. संजय कुमार सिंह को वित्त से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग भेजा गया है. बी. कार्तिकेय धनजी को लघु जल संसाधन से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी मिली है.
राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है. इससे पहले वह लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में थे. वहीं मयंक वरवड़े को पटना कमिश्नर के पद से हटाकर निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. विनोद सिंह गुजियाल शिक्षा विभाग का पूर्ण प्रभार छोड़कर समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे. राजीव रौशन को उच्च शिक्षा से शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है.
जिला स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. रिची पाण्डेय का तबादला सीतामढ़ी से बेगूसराय किया गया है. विजय प्रकाश मीणा को सिवान का डीएम बनाया गया है. तनय सुल्तानिया को भोजपुर से सीतामढ़ी भेजा गया है. कुमार अनुराग को कैमूर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
नई तैनाती पाने वाले सभी जिलाधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत जिला दंडाधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. सरकार की ओर से जारी आदेश में तबादलों और पदस्थापन से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां स्पष्ट की गई हैं. यह अधिसूचना 17 अगस्त को सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की. आदेश राज्यपाल के निर्देश पर अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुआ है.