menu-icon
India Daily

प्रचंड बहुमत मिलने के बाद नीतीश ने चिराग को लगाया गले, ऐतिहासिक जीत के बाद दिखी गर्मजोशी

बिहार में एनडीए की बड़ी जीत के बाद चिराग पासवान और संतोष सुमन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर बधाई दी. चिराग ने इसे जनता की समझदारी की जीत बताया और बिहार के तेज विकास का भरोसा जताया.

auth-image
Edited By: Kanhaiya Kumar Jha
Nitish Kumar & Chirag Paswan India Daily
Courtesy: X

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार गठन की चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी माहौल के बीच शनिवार को लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे.

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी साफ झलक रही थी. नीतीश कुमार ने चिराग को देखकर खुशी जताई और उन्हें गले लगाकर जीत की बधाई दी. दोनों के चेहरों पर चुनाव नतीजों की खुशी साफ दिखाई दे रही थी.

जेडीयू और एलजेपी (RV) का शानदार प्रदर्शन

इस बार के चुनाव में जेडीयू को 85 सीटें मिलीं, जबकि चिराग पासवान की पार्टी ने 19 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. एनडीए की इस प्रचंड जीत के बाद चिराग ने नीतीश कुमार से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं और उन्हें हार्दिक बधाई दी. चिराग ने लिखा कि वह मुख्यमंत्री को एनडीए की भारी जीत पर शुभकामनाएं देने पहुंचे थे.

चिराग पासवान बोले- 'जनता ने सही फैसला लिया'

चुनाव नतीजे आने के बाद चिराग पासवान ने एक इंटरव्यू में कहा कि बिहार की जनता ने इस बार बिल्कुल सही समय पर सही निर्णय लिया है. यह जीत सिर्फ किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि बिहार के लोगों की समझदारी और विवेक की जीत है. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने भरोसे के साथ चुनाव लड़ा और जनता ने इस विश्वास को सम्मान दिया.

चिराग पासवान ने आगे कहा कि एनडीए गठबंधन की सरकार बनने के बाद बिहार में विकास और तेजी से होगा. उन्होंने दावा किया कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगी. चिराग ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी अब केवल मौका देखकर राजनीति नहीं करेगी बल्कि जनता की सेवा और योग्यता आधारित राजनीति को आगे बढ़ाएगी. उनका लक्ष्य विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के हितों के लिए काम करना होगा.

एनडीए के अन्य नेताओं की मुलाकातें

चिराग के अलावा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और हम पार्टी के नेता संतोष सुमन भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. उन्होंने भी नीतीश कुमार को जीत की शुभकामनाएँ दीं. मांझी की पार्टी ने इस चुनाव में 6 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज कर एनडीए की ताकत और बढ़ा दी है. एनडीए की इस विशाल जीत के बाद पूरे गठबंधन में उत्साह का माहौल है और नई सरकार गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो चुकी हैं.