पहले बेरहमी से पीटा... फिर किया दुष्कर्म, बेगूसराय होटल कांड से सनसनी; जानें पूरा मामला
बेगूसराय के ब्लू डायमंड होटल में युवती से मारपीट और दुष्कर्म का आरोप लगा है. पीड़िता का आरोप है कि उसे बाइक सवार युवक होटल लेकर गया, जहां रोहित कुमार ने कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की.
बिहार के बेगूसराय में एक होटल के कमरे में युवती से मारपीट और दुष्कर्म का आरोप सामने आया है. मामला नगर थाना क्षेत्र के ब्लू डायमंड होटल का है. पीड़िता का आरोप है कि एक बाइक सवार युवक उसे होटल लेकर गया, जहां रोहित कुमार नामक युवक ने कमरे में बंद कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. आरोप है कि इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया गया. बाद में वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का आरोप है.
पीड़िता के मुताबिक वह अपने घर से निकली थी. इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उसे होटल लेकर पहुंचा और कथित तौर पर दूसरे युवक के हवाले कर दिया. इसके बाद भगवानपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी रोहित कुमार उसे होटल के कमरे में ले गया. आरोप है कि कमरे का दरवाजा बंद करने के बाद आरोपी ने युवती को जूते-चप्पल, लात और घूंसों से पीटा.
पीड़िता ने क्या लगाया आरोप?
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में युवती आरोपी से रहम की गुहार लगाती दिखाई दे रही है, जबकि युवक उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है. आरोप है कि कमरे में मोबाइल कैमरा लगाकर घटना को रिकॉर्ड किया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बिना कपड़ों के उसका वीडियो बनाया गया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
Also Read
बताया जा रहा है कि घटना 27 सितंबर की सुबह की है. पीड़िता घटना के बाद शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची और सोमवार से थाने के चक्कर लगाने की बात सामने आई है. आखिरकार 28 सितंबर की देर रात नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.
नगर थाना अध्यक्ष ने क्या बताया?
नगर थाना अध्यक्ष हिमांशु शेखर ने बताया कि होटल में युवती के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है. पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कौन लोग शामिल थे और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया. पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी.