Asian Games 2026

बांकीपुर उपचुनाव: 'लालू प्रसाद यादव' को 81 तो 'नीतीश कुमार' को मिले महज 149 वोट

बांकीपुर उपचुनाव में ईवीएम पर लालू प्रसाद और नीतीश कुमार नाम देखकर मतदाता जरूर चौंके, लेकिन ये बिहार के दिग्गज नेता नहीं थे. दोनों निर्दलीय उम्मीदवार 150 वोट भी नहीं जुटा सके और उनकी जमानत जब्त हो गई.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में इस बार मुकाबला सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच ही नहीं, बल्कि कुछ ऐसे नामों की वजह से भी चर्चा में रहा जिन्हें देखकर मतदाता एक पल के लिए हैरान रह गए. ईवीएम पर लालू प्रसाद और नीतीश कुमार जैसे नाम दिखाई दिए, लेकिन ये बिहार के चर्चित नेताओं के नहीं, बल्कि चुनाव मैदान में उतरे दो निर्दलीय उम्मीदवारों के थे. चुनाव परिणाम आने के बाद दोनों उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और वे अपनी जमानत तक नहीं बचा सके.

निर्दलीय उम्मीदवार लालू प्रसाद यादव चुनाव में सिर्फ 81 वोट हासिल कर सके. उनका मत प्रतिशत महज 0.06 प्रतिशत रहा. वहीं दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी नीतीश कुमार को 149 वोट मिले, जो कुल मतदान का केवल 0.11 प्रतिशत था. दोनों उम्मीदवार 150 वोट का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए.

जमानत भी नहीं बचा सके उम्मीदवार

निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार किसी भी प्रत्याशी को अपनी जमानत बचाने के लिए कुल वैध मतों का कम से कम छठा हिस्सा प्राप्त करना जरूरी होता है. लालू प्रसाद और नीतीश कुमार नाम वाले दोनों निर्दलीय उम्मीदवार इस न्यूनतम सीमा से काफी पीछे रह गए. ऐसे में उनकी सुरक्षा जमानत जब्त हो गई और राशि सरकारी खजाने में चली जाएगी.


प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत

बांकीपुर उपचुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर रहे. उन्होंने अपने पहले चुनाव में 64,151 वोट हासिल करते हुए भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों से पराजित किया. यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है.

आरजेडी को भी लगा झटका

राष्ट्रीय जनता दल ने इस उपचुनाव में एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया था. वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रही थीं. हालांकि इस बार उन्हें केवल 14,273 वोट मिले और वह मुकाबले में काफी पीछे रह गईं. चुनाव परिणाम ने राज्य की राजनीति में नए समीकरणों पर चर्चा तेज कर दी है.

कम मतदान भी बना चर्चा का विषय

करीब 3.8 लाख मतदाताओं वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान हुआ था. इस बार मतदान प्रतिशत 34.30 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान से काफी कम रहा. इसके बावजूद परिणाम ने बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश देने का काम किया.