T20 World Cup 2026

मिड-डे मील खाते ही उल्टी करने लगे बच्चे! बिहार के मधेपुरा में 70 छात्रों की बिगड़ी तबीयत; परिवार ने मचाया हंगामा

बिहार के मधेपुरा जिले में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. मिडिल स्कूल में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 70 से भी ज्यादा छात्रों की तबीयत बिगड़ गई.

Grok AI
Shanu Sharma

पटना: बिहार के मधेपुरा जिले में स्कूल प्रशासन की लापरवाही ने कई छात्रों को मुसीबत में डाल दिया. मधेपुरा पुलिस स्टेशन के तहत साहूगढ़ गांव में अपग्रेडेड मिडिल स्कूल में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 70 छात्र बीमार पड़ गए. बच्चों की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इस मामले की जानकारी देते हुए अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अधिकतर बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर हैं लेकिन एक लड़की की तबीयत थोड़ी ज्यादा खराब है. जिसकी देखरेख की जा रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में डर पैदा कर दिया और स्कूल के बच्चे अब खाना खाने से डर रहे हैं.

कौन बनाता है मीड-डे मील?

हर दिन की तरह शनिवार को भी बच्चे अपने समय पर स्कूल पहुंचे थे. हालांकि लंच के तुरंत बाद कई बच्चों ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की. देखते ही देखते स्कूल की खबर पूरे गांव में फैल गई. जिसपर स्थानीय लोगों को शक हुआ कि खाने में शायद छिपकली गिर गई हो. हालांकि मिड-डे मील अब स्कूल में बनाया नहीं जाता बल्कि पारस एग्रो नाम के एक स्वयंसेवी संगठन द्वारा सप्लाई किया जाता है. इस घटना के सामने-आते ही स्कूल प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर आ गए. स्कूल के शिक्षकों की मदद से छात्रों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं छात्र के परिजनों में भी खबर फैल गई.

DEO ने ली पूरे मामले की जानकारी 

बच्चों की बिगड़ते तबीयत को देखते हुए चिंतित मां-बाप और परिवार वाले अस्पताल में जमा हो गए. उन्होंने गुस्सा जाहिर करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की. मामले की जानकारी मिलते ही  जिला शिक्षा अधिकारी संजय कुमार भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बच्चों और उनके परिवार से मुलाकात की. डीईओ ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है, किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से लोगों में डर का माहौल है.  लोग अब अपने बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे हैं.