T20 World Cup 2026

'फील्डिंग कर, पागल है क्या...', रोहित शर्मा ने वानखेड़े में सूर्यकुमार यादव से सरेआम लिए मजे, वीडियो में देखें हिटमैन का स्टाइल

आईसीसी ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें रोहित कह रहे हैं कि वानखेड़े में आकर हमेशा अच्छा लगता है. यहां के लोग क्रिकेट से बहुत प्यार करते हैं. मुंबई की एनर्जी, यह कभी निराश नहीं करती.

@LoyleRohitFan X account
Hemraj Singh Chauhan

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज भारत के लिए शानदार रहा. उसने शनिवार को खेले गए अपने पहले मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से हराया. ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में रोहित शर्मा का बेबाक अंदाज देखने को मिला. आईसीसी ने भी इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है. इसमें हिटमैन को लेकर फैंस से लेकर टीम इंडिया के साथी खिलाड़ियो का उत्साह नजर आ रहा है. 

दो साल पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप 2024 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शानदार जीत हासिल की थी. रोहित शर्मा दो साल बाद इस मैदान में आकर काफी भावुक नजर आए. फैंस ने जैसे ही  टॉस से पहले रोहित को मैदान मे देखा तो उनके नाम का शोर पूरे स्टेडियम में सुनाई दिया. आपको पता ही होगा कि रोहित शर्मा को आईसीसी के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का ब्रैंड एंबेसडर भी बनाया गया है.

रोहित शर्मा ने बताया इस बार क्या अलग है?

रोहित शर्मा ने वानखेड़े स्टेडियम में खड़े होकर अपने अंदाज में कहा कि अजीब लग रहा है इधर. उनके कहने का मतलब इस बार कप्तानी न करने और बतौर खिलाड़ी मैदान में न होने को लेकर था. आईसीसी ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें रोहित कह रहे हैं कि यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है. यहां के लोग क्रिकेट से बहुत प्यार करते हैं. मुंबई की एनर्जी, यह कभी निराश नहीं करती.रोहित का स्वागत दर्शकों ने मैदान में स्टैंडिंग ओवेशन से किया. 

जय शाह ने साथ उठाई ट्रॉफी

रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट को ऑफिशियली लॉन्च करने के लिए आईसीसी के चेयरमैन जय शाह के साथ खड़े होकर एक बार फिर से ट्रॉफी उठाई. रोहित ने इस दौरान कहा कि उनके लिए यह एक इमोशनल फील है. मुझे अभी भी मैदान के इस तरफ रहने की आदत नहीं हुई है, ऐसे पल दोबारा नहीं आएंगे. जब भारत और यूएसए के कप्तान टॉस के लिए मैदान में आए तो मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने पुराने कप्तान रोहित के पास दौड़ के गए. उन्होंने रोहित से पूछा,"जल्दी बोलो बैटिंग करूं या बॉलिंग?" रोहित शर्मा ने खास अंदाज़ में जवाब दिया, "फील्डिंग कर, पागल है क्या?" यह सुनकर आस-पास मौजूद लोग हंसने लगे.