T20 World Cup 2026: कंगारुओं के जख्मों पर बारिश का 'नमक', जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच रद्द; टूर्नामेंट से बाहर हुई ऑस्ट्रेलिया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला 32वां ग्रुप स्टेज मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में जगह बनाने में सफल रही. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम का इस टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया.
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला 32वां ग्रुप स्टेज मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. यह मैच श्रीलंका के पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन पूरे समय तेज बारिश होती रही.
हालात ऐसे रहे कि टॉस तक नहीं हो सका और आखिरकार बिना एक भी गेंद डाले मैच को रद्द घोषित करना पड़ा. इस मैच के रद्द होने का सबसे ज्यादा फायदा जिम्बाब्वे की टीम को हुआ, जो सुपर-8 चरण में जगह बनाने में सफल रही. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम का इस टूर्नामेंट में सफर यहीं खत्म हो गया. टी20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार सुपर 8 में जगह बनाई है.
Also Read
- T20 World Cup 2026: कंगारूओं के जख्मों पर बारिश का 'नमक', जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच रद्द; टूर्नामेंट से बाहर हुई ऑस्ट्रेलिया
- T20 World Cup 2026: नीदरलैंड्स के खिलाफ बुमराह-पांड्या होंगे टीम से बाहर? इन खिलाड़ियों को मिलेगा मौका; जानें कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11
- इमरान खान के लिए गावस्कर, कपिल देव समेत 14 कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लिखा लेटर, 1992 के ऐतिहासिक वर्ल्ड कप का किया जिक्र
जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच रद्द
मैच रद्द होने के बाद नियम के अनुसार, दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया. इसी के साथ जिम्बाब्वे के कुल पांच अंक हो गए, जबकि आयरलैंड के कुल तीन अंक ही हुए. ग्रुप की स्थिति को देखते हुए अब यह साफ हो गया है कि जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता.
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की टीम के पास अभी एक मैच बाकी है, लेकिन वह उसे जीत भी ले तो अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच पाएगी. इस कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम अंक तालिका में जिम्बाब्वे से आगे नहीं निकल सकती और उसका अभियान समाप्त हो गया.
जिम्बाब्वे का दमदार प्रदर्शन
जिम्बाब्वे की टीम का इस विश्व कप में प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. टीम ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं, जिनमें से दो में जीत दर्ज की और एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ. अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे ने ओमान को आठ विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी. इसके बाद दूसरे मैच में उसने बड़ी टीम मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर सभी को चौंका दिया. इस जीत ने जिम्बाब्वे के आत्मविश्वास को और मजबूत किया और सुपर-8 की दौड़ में उसे बढ़त दिलाई.
श्रीलंका से होगा जिम्बाब्वे का अगला मुकाबला
अब जिम्बाब्वे का अगला मुकाबला 19 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा. हालांकि, सुपर-8 में जगह लगभग पक्की हो चुकी है. फिर भी टीम इस मैच को जीतकर अपने अभियान को और मजबूत बनाना चाहेगी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का सामना ओमान से होना है, लेकिन यह मैच उसके लिए औपचारिकता भर रह गया है.