menu-icon
India Daily

'मैं उन्हें सलाम करता हूं...', युवराज सिंह के पिता ने धोनी को किया सपोर्ट; रोहित-विराट को लेकर कही ये बात

धोनी के पुराने आलोचक रहे योगराज सिंह उनके समर्थन में सामने आए. योगराज सिंह ने साफ तौर पर कहा कि धोनी को अभी क्रिकेट छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है.

Anuj
Edited By: Anuj
'मैं उन्हें सलाम करता हूं...', युवराज सिंह के पिता ने धोनी को किया सपोर्ट; रोहित-विराट को लेकर कही ये बात
Courtesy: @JaikyYadav16

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के पूर्व  विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं. आईपीएल 2026 में वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बतौर बल्लेबाज मैदान में उतरेंगे. हालांकि, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उनके संन्यास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

कई पूर्व क्रिकेटर्स का मानना है कि यह सीजन धोनी का आखिरी आईपीएल हो सकता है और फैंस उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में खेलते हुए देख सकते हैं.

धोनी के समर्थन में योगराज सिंह

इन अटकलों के बीच एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब धोनी के पुराने आलोचक रहे योगराज सिंह उनके समर्थन में सामने आए. योगराज सिंह ने साफ तौर पर कहा कि धोनी को अभी क्रिकेट छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने उनकी फिटनेस, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की खुलकर सराहना की.

'खुद को फिट और सक्षम साबित किया'

एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने कहा कि उम्र को किसी खिलाड़ी के करियर का पैमाना नहीं बनाया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो उसे खेलने से रोकने का कोई कारण नहीं है. उन्होंने कहा कि धोनी ने खुद को फिट और सक्षम साबित किया है, इसलिए उन्हें आने वाले कई सालों तक खेलते रहना चाहिए.

आलोचकों पर साधा निशाना

योगराज ने आलोचकों पर भी निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोई यह तय करने वाला कौन होता है कि किसी खिलाड़ी को कब संन्यास लेना चाहिए. उनका मानना है कि जब तक खिलाड़ी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तब तक उसे टीम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने भारतीय क्रिकेट में उम्र को लेकर होने वाली बहस को भी गलत बताया.

रोहित-विराट पर क्या कहा?

उन्होंने इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी अभी भी बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्हें खुद को लगातार साबित करते रहना चाहिए. योगराज के अनुसार, सच्चा खिलाड़ी वही है जो अपने प्रदर्शन से दुनिया को यह दिखाए कि वह अभी भी सर्वश्रेष्ठ है.

धोनी पर उठाए थे सवाल

गौरतलब है कि योगराज सिंह पहले धोनी की आलोचना कर चुके हैं और उन्होंने अपने बेटे युवराज सिंह के करियर को लेकर भी धोनी पर सवाल उठाए थे. हालांकि, इस बार उनके सुर बदले हुए नजर आए. उन्होंने माना कि एक महान कप्तान और महान इंसान होना अलग बात है, लेकिन जहां तक क्रिकेट का सवाल है, 'मैं उन्हें सलाम करता हूं.'