West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Year Ender 2025: कोहली-रोहित और गंभीर से लेकर एशिया कप तक! इस साल भारतीय क्रिकेट में हुए कई बड़े विवाद

भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि, कुछ बड़े विवाद भी हुए और आइए साल के खत्म होने पर हम इन विवादों पर नजर डालते हैं.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: साल 2025 भारतीय क्रिकेट के लिए सिर्फ जीत और रिकॉर्ड का नहीं बल्कि विवादों, टकरावों और मुश्किल फैसलों का भी रहा. मैदान के अंदर शानदार प्रदर्शन के बावजूद, टीम मैनेजमेंट, सीनियर खिलाड़ियों और क्रिकेट बोर्ड के बीच कई मुद्दों ने सुर्खियां बटोरीं. 

इस साल विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज भी विवादों में रहे. इसका कारण गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर रहे, जहां रोहित और कोहली ने अचानक से संन्यास का ऐलान कर दिया था.

कोहली-रोहित और गंभीर के बीच तनाव

भारतीय टीम ने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन टीम के अंदर सबकुछ ठीक नहीं रहा. हेड कोच गौतम गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों विराट कोहली व रोहित शर्मा के रिश्तों में खटास की खबरें लगातार सामने आती रहीं. कहा गया कि कोच बनने के बाद गंभीर की सोच और फैसलों से दोनों दिग्गज पूरी तरह सहमत नहीं थे.

बीसीसीआई और चयन समिति ने सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने का निर्देश दिया, जिससे मामला और गरमाया. रणजी ट्रॉफी में खेलने के बावजूद कोहली और रोहित खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए. टेस्ट क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद आलोचनाएं तेज हुईं और दोनों ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सबको चौंका दिया.

वनडे में चमक लेकिन भविष्य पर सवाल

कोहली और रोहित ने वनडे क्रिकेट में अपनी क्लास दिखाई. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत में रोहित की कप्तानी अहम रही, जबकि कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ा. इसके बावजूद 2027 वर्ल्ड कप को लेकर उनकी भूमिका को लेकर संशय बना रहा. रोहित से वनडे कप्तानी छीने जाने और शुभमन गिल को जिम्मेदारी मिलने से चर्चाएं और तेज हो गईं.

RCB की जीत जश्न में मातम

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार खिताब जीता लेकिन जीत का जश्न दर्दनाक हादसे में बदल गया. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए. खराब भीड़ प्रबंधन को लेकर आयोजकों और फ्रेंचाइजी की जमकर आलोचना हुई. 

भारत-पाक तनाव मैदान पर दिखा

एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर क्रिकेट मैदान पर भी दिखा. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान से हाथ मिलाने से इनकार किया. 

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत सेना को समर्पित की, जिसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आपत्तिजनक बताया. इस फैसले ने खेल और राजनीति के रिश्ते पर नई बहस छेड़ दी.

पाक खिलाड़ियों के इशारे और ICC की कार्रवाई

एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तानी खिलाड़ियों हरिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के ऑन-फील्ड जश्न ने विवाद खड़ा कर दिया. उनके इशारों को लेकर बीसीसीआई ने ICC से शिकायत की, जिसके बाद रऊफ पर जुर्माना और दो मैचों का प्रतिबंध लगाया गया. 

एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार

एशिया कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार कर सबको चौंका दिया. यह सम्मान ACC प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री से मिलना था, जिसे भारतीय खिलाड़ियों ने स्वीकार नहीं किया. 

मैनचेस्टर टेस्ट का हैंडशेक विवाद

इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ रहा, लेकिन मैच के आखिरी घंटे बेहद तनावपूर्ण रहे. रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने हार मानने से इनकार करते हुए अपने शतक पूरे किए. इससे इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स नाराज दिखे और मैदान पर तीखी बहस हुई. मैच के बाद स्टोक्स द्वारा जडेजा से हाथ मिलाने में हिचकिचाहट ने विवाद को और हवा दी.