यश ठाकुर IN, हर्षित राणा OUT... अफगानिस्तान T20I सीरीज और Asian Games के लिए बदली टीम इंडिया

यश ठाकुर को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में हर्षित राणा की जगह शामिल किया गया है.

ANI
Meenu Singh

अफगानिस्तान T20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को  लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रहा है. रिपोर्ट आ रही है कि भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरी तरह फिट न हो पाने के कारण अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम में 27 वर्षीय गेंदबाज यश ठाकुर को शामिल किया गया है. बता दें हर्षित इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे जिसके बाद से BCCI उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए थी.  

हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर की टीम में एंट्री

हर्षित राणा को 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते हुए रेक्टस फेमोरिस मांसपेशी में खिंचाव आ गया था. वह BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा था. लेकिन वह अफगानिस्तान और एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह फिट नहीं थे. जिस कारण वह इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. अब बोर्ड ने उनकी जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल करने का फैसला किया.


जिम्बाब्वे के खिलाफ कर चुके हैं डेब्यू

यश ठाकुर ने जुलाई में जिम्बाब्वे के भारत दौरे के दौरान T20I क्रिकेट में कदम रखा था. उन्होंने सीरीज में दो मुकाबले खेले और चार विकेट अपने नाम किए. अब उन्हें एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा. अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की T20I सीरीज उनके लिए अपनी जगह मजबूत करने का अहम अवसर होगी.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी शानदार रिकॉर्ड

विदर्भ के इस तेज गेंदबाज का घरेलू T20 रिकॉर्ड भी प्रभावशाली है. यश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अब तक 50 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 7.04 की इकॉनमी रेट से 81 विकेट हासिल किए हैं. लगातार विकेट लेने और रन रोकने की उनकी क्षमता ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनसे इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी.

अफगानिस्तान T20I के खिलाफ टीम इंडिया

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर

2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर