कौन हैं अर्जुन तेंदुलकर की मंगेतर सानिया चंडोक? जानें उनके बारे में यह खास बातें

Who is Saaniya Chandok: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंडोक के साथ सगाई कर ली है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर वह कौन हैं, जो सचिन तेंदुलकर के घर की बहू बनने वाली हैं.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Who is Saaniya Chandok: भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की सानिया चंडोक के साथ सगाई की खबर ने सबका ध्यान खींचा है. यह सगाई एक निजी समारोह में हुई, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल थे. 25 साल के अर्जुन, जो एक क्रिकेटर हैं, उन्होंने मुंबई की सानिया चंडोक के साथ यह नया रिश्ता शुरू किया है. 

सानिया चंडोक मुंबई के एक प्रभावशाली बिजनेस परिवार से आती हैं. वह मशहूर बिजनेसमैन रवि घई की पोती हैं, जो ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन हैं. ग्रेविस ग्रुप मुंबई में हॉस्पिटैलिटी और खाद्य उद्योग में एक बड़ा नाम है. इस ग्रुप के पास क्वालिटी आइसक्रीम, ब्रुकलिन क्रीमरी और मरीन ड्राइव पर स्थित लग्जरी इंटरकॉन्टिनेंटल होटल जैसे बड़े ब्रांड हैं. 

कौन हैं सानिया चंडोक

सानिया चंडोक न केवल एक बिजनेस परिवार की सदस्य हैं बल्कि वह खुद भी विजनेस करती हैं. वह मुंबई में पालतू जानवरों की देखभाल और पोषण से जुड़े बिजनेस, मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी की डायरेक्टर और फाउंडर हैं. उनकी कंपनी पालतू जानवरों के लिए प्रीमियम ग्रूमिंग और केयर सर्विसेज प्रदान करती है.

सानिया ने अपनी पढ़ाई लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पूरी की है और 2024 के अंत में वर्ल्डवाइड वेटरनरी सर्विस से वेटरनरी टेक्नीशियन डिप्लोमा भी हासिल किया है. उनकी यह उपलब्धि उनकी मेहनत और पालतू जानवरों के प्रति उनके जुनून को दर्शाती है.

तेंदुलकर परिवार से पुराना रिश्ता

सानिया और अर्जुन के परिवारों का रिश्ता पहले से ही काफी करीबी रहा है. खबरों के मुताबिक, चंडोक और तेंदुलकर परिवार कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं. सानिया की अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर के साथ भी अच्छी दोस्ती है. इस साल की शुरुआत में सानिया और सारा जयपुर की एक ट्रिप के दौरान साथ में सेल्फी लेते हुए नजर आई थीं. इसके अलावा, वह हाल के कुछ आईपीएल मैचों में भी सारा के साथ स्टेडियम में देखी गई थीं.

निजी और सादगी भरा समारोह

सानिया और अर्जुन की सगाई को लेकर दोनों परिवारों ने गोपनीयता बरती है. यह समारोह बेहद निजी था, जिसमें केवल करीबी लोग ही शामिल हुए. सानिया का सोशल मीडिया प्रोफाइल भी काफी निजी है, जिससे पता चलता है कि वह सुर्खियों से दूर रहना पसंद करती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर करीब 805 फॉलोअर्स हैं, जिनमें अर्जुन और सारा तेंदुलकर भी शामिल हैं.