IPL 2026

GT vs RCB FINAL: कब, कहां और कैसे देखें खिताबी महामुकाबला? क्लोजिंग सेरेमनी से लेकर वेन्यू तक, यहां जानें A to Z डिटेल

IPL 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस खिताब के लिए भिड़ेंगे.

X
Ashutosh Rai

IPL 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका. गुजरात टाइटंस ने दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही क्वालिफायर-1 जीतकर फाइनल में जगह बना चुकी थी. अब दोनों टीमें 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. मुकाबले से पहले क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन भी किया जाएगा.

फाइनल में आमने-सामने होंगी दो मजबूत टीमें

आईपीएल 2026 के लीग चरण में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया था. अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली इन टीमों ने पूरे सीजन में लगातार अच्छा क्रिकेट खेला. गुजरात को प्लेऑफ में दो मौके मिले और टीम ने दूसरे अवसर का पूरा फायदा उठाते हुए फाइनल में जगह बनाई. दूसरी ओर, बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 जीतकर सीधे खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया. अब दोनों फ्रेंचाइजी सीजन का अंत ट्रॉफी जीतकर करना चाहेंगी.

अहमदाबाद बनेगा खिताबी जंग का गवाह

आईपीएल 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. शुरुआत में फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रस्तावित था. बाद में आयोजन स्थल में बदलाव कर दिया गया. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल नरेंद्र मोदी स्टेडियम एक बार फिर बड़े मुकाबले की मेजबानी करेगा.

क्लोजिंग सेरेमनी से बढ़ेगा रोमांच

इस बार आईपीएल सीजन की शुरुआत में उद्घाटन समारोह नहीं हुआ था. इसलिए समापन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की गई है. फाइनल से पहले कई कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे और स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होगा. आयोजन की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं और कलाकार रिहर्सल में जुटे हुए हैं. क्लोजिंग सेरेमनी शाम 6 बजे के आसपास शुरू होने की संभावना है. इसके बाद दोनों कप्तान टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे.

कब और कहां देख सकेंगे फाइनल मुकाबला

फाइनल मुकाबला रविवार, 31 मई को खेला जाएगा. टॉस शाम 7 बजे होगा. वहीं मैच की पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी. फैंस इस मुकाबले को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनलों पर देख सकेंगे. वहीं मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप यूज करने वालों के लिए JioHotstar लाइव स्ट्रीमिंग ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. गुजरात टाइटंस तीसरी बार फाइनल खेलने उतरेगी. बेंगलुरु एक और खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेगी.