बंद हुआ विराट कोहली का रेस्तरां 'One8 Commune', करोड़ों का बकाया था किराया
बेंगलुरु में विराट कोहली के 'One8 Commune' रेस्टोरेंट को, ₹2 करोड़ से ज़्यादा का बकाया किराया न चुका पाने के कारण, अदालत के आदेश पर बंद कर दिया गया है.
बेंगलुरु: क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली के नाम से जुड़ा रेस्तरां 'One8 Commune' अब बंद हो गया है. रेस्तरां का अचानक बंद होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. विराट कोहली की वजह से सुर्खियां बटोरने वाला ये रेस्तरां अब कर्ज में डूब गया है जिस कारण कोर्ट को नोटिस के बाद इसे बंद करना पड़ा है. इस खबर ने फूड इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है.
बता दें कोहली ने कुछ समय पहले ही इस प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया था और इसके बाद से ही रेस्टोरेंट की स्थिति लगातार खराब होती गई. यह आउटलेट चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास स्थित था और 2023 में शुरू किया गया था.
कर्ज में डूबा 'One8 Commune'
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 'One8 Commune' रेस्टोरेंट के बंद होने की सबसे बड़ी वजह उसका किराया न चुकाना बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, रेस्तरां के संचालन कंपनी 'ट्रियो हिल्स हॉस्पिटलिटी' पर पिछले छह महीनों से इसका किराया करीब 2 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बकाया था. इसके चलते बिल्डिंग के मालिक ने अदालत का रुख किया. जिसके बाद कोर्ट ने संचालन बंद करने का आदेश दे दिया.
इसके अलावा यहां का मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर भी बकाया था. जिस कारण कोर्ट ने कहा कि जब तक ये सभी बकाया नहीं चुकाए जाते, तब तक रेस्टोरेंट दोबारा नहीं खुल सकेगा.
पहले भी विवादों में रहा
यह रेस्टोरेंट पहले भी कई नियमों के उल्लंघन को लेकर चर्चा में रह चुका था. बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने इसे कई बार नोटिस जारी किए थे. आरोप था कि आवश्यक अनुमतियों के बिना संचालन किया जा रहा था, जिसमें फायर डिपार्टमेंट की मंजूरी भी शामिल थी.
अन्य कानूनी समस्याएं
इसके अलावा, स्मोकिंग के लिए निर्धारित क्षेत्र न होने के कारण भी इस पर कार्यवाही हुई थी. तय समय से ज्यादा देर तक खुले रहने के आरोप भी लगे, जिससे इसकी मुश्किलें और बढ़ती गईं. बता दें दिसंबर 2023 में शुरू हुआ यह रेस्टोरेंट अपने हाई-प्रोफाइल जुड़ाव के कारण काफी लोकप्रिय हुआ था.