नई दिल्ली: महिला पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के बीच जारी तनातनी ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही है. महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में जारी सुनवाई के क्रम में बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट पर एक बार फिर निशाना साधा है और उनके तमाम आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है.
पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगट के आरोपों को नकारते हुए कहा है कि उन्होंने जो आरोप लगाए हैं कि उन्हें मैंने खेलने से रोका है, वो सरासर झूठ है. बृजभषण सिंह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि देखिए मेरे लिए जो रायता फैलाकर गई हैं, देवी जी... हम उसी को निपट रहे हैं कोर्ट में. और वहां कुश्ती चल रही है. और कुश्ती कहां होगी और कहां नहीं होगी, यह मेरा विषय नहीं है.
आगे उन्होंने कहा कि यह विषय वर्तमान में जो WFI है, यह उनका विषय है. कौन खेलेगा और कौन नहीं खेलेगा? चूंकि मैं भारतीय कुश्ती संघ का काफी समय तक अध्यक्ष रह चुका हूं, इसलिए मैं अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि WFI किसी भी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकती है. WFI खिलाड़ियों के लिए ही बनी है. अगर उनको खेलने से रोका गया है, तो इसकी जानकारी उन्हें ही होगी.
बता दें कि महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न का मामला राउज एवेन्यू कोर्ट में चल रहा है. कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 15 और 19 मई के लिए तय की है, जहां जांच अधिकारी (IO) का बयान दर्ज किया जाएगा, जिसको लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज है. गौरतलब है कि महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद यह मामला देशभर में सुर्खियों में रहा था. कई बड़े पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू हुई.
दरअसल 10 से 12 मई तक गोंडा में नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन होना है. बृजभूषण सिंह के गृह जिले में आयोजित होनेवाले इस टूर्नामेंट में विनेश के भी भाग लेने की चर्चाएं थी और माना जा रहा था कि इसी टूर्नामेंट के जरिये वो कुश्ती के मैट पर कमबैक करेंगी, लेकिन भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन्हें खलने से रोक दिया. इस मामले को लेकर ही ब्रिजभूषण सिंह पर आरोप लग रहे हैं कि उनके हस्तक्षेप से ही विनेश के खेलने पर रोक लगाई गई है और इसी वजह से दोनों के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है.