menu-icon
India Daily

अपने वजन से तीन गुना ज्यादा भार उठाकर रचा इतिहास... 21 साल की पावरलिफ्टर ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में 140kg उठाकर जीता सिल्वर

भारत की 21 वर्षीय पावरलिफ्टर Keyaa Kunal Banerji ने 2026 IPF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में 47kg वर्ग में डेडलिफ्ट का सिल्वर जीता.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अपने वजन से तीन गुना ज्यादा भार उठाकर रचा इतिहास... 21 साल की पावरलिफ्टर ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में 140kg उठाकर जीता सिल्वर
Courtesy: X

साउथ अफ्रीका के सन सिटी में हुई 2026 IPF वर्ल्ड सब-जूनियर और जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में Keyaa Kunal Banerji ने भारत का नाम रोशन किया. 47kg जूनियर वर्ग में उन्होंने 140kg डेडलिफ्ट लगाकर रजत पदक जीता. उनका यह प्रदर्शन पिछले साल की तुलना में बड़ी प्रगति दिखाता है.

140kg डेडलिफ्ट से मिला सिल्वर

21 साल की Keyaa ने प्रतियोगिता में 45.70kg बॉडीवेट के साथ हिस्सा लिया और डेडलिफ्ट में 140kg उठाया. उन्होंने अपने वजन के तीन गुने से भी ज्यादा भार उठाया. इस लिफ्ट के साथ वह डेडलिफ्ट स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहीं और सिल्वर मेडल अपने नाम किया. फ्रांस की Ines Herbox ने 165kg के साथ गोल्ड जीता. Keyaa ने स्क्वाट में 90kg और बेंच प्रेस में 50kg भी उठाया. तीनों लिफ्ट मिलाकर उनका कुल स्कोर 280kg रहा और वह 47kg जूनियर वर्ग में पांचवें स्थान पर रहीं. यह चैंपियनशिप 18 से 29 अगस्त तक आयोजित हुई थी.

2025 के प्रदर्शन से बड़ी बढ़त

Keyaa के प्रदर्शन में पिछले एक साल में लगातार सुधार देखने को मिला है. 2025 नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 82.5kg स्क्वाट, 47.5kg बेंच प्रेस और 127.5kg डेडलिफ्ट के साथ 257.5kg कुल वजन उठाया था. 2026 नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 95kg स्क्वाट, 52.5kg बेंच प्रेस और 140kg डेडलिफ्ट के साथ 287.5kg का कुल स्कोर बनाया. इसी साल नेशनल क्लासिक बेंच प्रेस चैंपियनशिप में 47kg वर्ग में उन्होंने 47.5kg उठाकर सिल्वर भी जीता. वर्ल्ड चैंपियनशिप का 140kg डेडलिफ्ट उनके बढ़ते करियर की एक बड़ी उपलब्धि बन गया है.