वैभव सूर्यवंशी अलग मिट्टी के बने हैं... 1996 विश्व कप के हीरो का बड़ा बयान
श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या ने वैभव सूर्यवंशी को खास प्रतिभा बताया. उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय बल्लेबाज को टीम इंडिया में जगह के लिए जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और सही मौके का इंतजार करना चाहिए.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर भारतीय क्रिकेट में लगातार चर्चा है. अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. अब श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या ने युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए कहा कि वैभव भारत का भविष्य हो सकते हैं लेकिन उन्हें समय देना जरूरी है.
वैभव को लेकर जयसूर्या का भरोसा
सनथ जयसूर्या ने वैभव सूर्यवंशी को सामान्य प्रतिभा से अलग बताया और कहा कि उनमें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बनने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि वैभव के पास अभी काफी समय है, इसलिए उनके साथ जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए. जयसूर्या के मुताबिक, जब युवा बल्लेबाज को मौका मिलेगा तो वह उसका पूरा फायदा उठा सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वैभव किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, यह परिस्थितियों और टीम की जरूरत पर निर्भर करेगा.
वैभव को करना होगा इंतजार
वैभव हाल में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल थे लेकिन उन्हें किसी मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. टीम ने ओपनिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को दी. दोनों के लगातार प्रदर्शन को देखते हुए टीम प्रबंधन ने इसी जोड़ी पर भरोसा बनाए रखा. मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी हाल में कहा था कि वैभव को अपने मौके का इंतजार करना होगा और मौका मिलने पर उन्हें पर्याप्त समय दिया जाएगा.
Also Read
भारत में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा
जयसूर्या ने भारतीय टीम में जगह बनाने की चुनौती का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा काफी ज्यादा है. उन्होंने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के प्रदर्शन को भी अहम बताया. जयसूर्या ने भारत के तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट के ऊंचे स्तर की तारीफ की और कहा कि देश के लिए खेलने की खिलाड़ियों में मजबूत इच्छा है. उन्होंने कॉरपोरेट क्रिकेट को भी उन खिलाड़ियों के लिए उपयोगी मंच बताया, जिन्हें क्लब या राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला.