menu-icon
India Daily

4 गेंद 2 विकेट... बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी से भी छाए वैभव सूर्यवंशी, नॉर्थ ईस्ट की उड़ाई हवाइयां

बेंगलुरु में ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से असर दिखाते हुए चार गेंदों में दो विकेट लिए. ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन पर मजबूत पकड़ बना ली.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
4 गेंद 2 विकेट... बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी से भी छाए वैभव सूर्यवंशी, नॉर्थ ईस्ट की उड़ाई हवाइयां
Courtesy: X (@BCCIdomestic)

बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे पहले क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है. 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने उप-कप्तान की भूमिका निभाते हुए गेंद से भी अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई. उन्होंने केवल चार गेंदों के अंतर में किशन लिंगदोह और इमलीवती लेमतुर को पवेलियन भेज दिया. इस प्रदर्शन से नॉर्थ ईस्ट जोन की मुश्किलें और बढ़ गईं, जो पहले ही बड़ी परेशानी में फंस चुकी थी.

चार गेंदों में झटके दो विकेट

सूर्यवंशी ने पहले किशन लिंगदोह को अपना शिकार बनाया. ऑफ स्टंप के बाहर गेंद पर लिंगदोह ने आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया. गेंद बल्ले का किनारा लेकर कवर की ओर गई, जहां डेनिश दास ने कैच पूरा किया. इसके तीन गेंद बाद सूर्यवंशी ने लेमतुर को भी आउट कर दिया. इस बार बाहरी किनारा विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों में गया.

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तीसरा विकेट

लेमतुर के आउट होते ही सूर्यवंशी के प्रथम श्रेणी विकेटों की संख्या तीन हो गई. 15 साल की उम्र में बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान देना उनके लिए खास उपलब्धि है. हालांकि गेंद से उनका प्रदर्शन बड़ा नहीं रहा, लेकिन मुश्किल समय में लगातार दो विकेट हासिल कर उन्होंने अपनी टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई. ईस्ट जोन अब सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति में दिखाई दे रहा है.

बल्लेबाजों ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

ईस्ट जोन की शुरुआत 138 रन पर पांच विकेट गंवाने के साथ मुश्किल रही थी. इसके बाद सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद ने पारी संभाली. घरामी ने 146 और शाहबाज ने 167 रन की शानदार पारियां खेलीं. दोनों की बल्लेबाजी के दम पर ईस्ट जोन पहली पारी में 467 रन तक पहुंच गया. इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन के बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आए.

गेंदबाजों के सामने बिखरी विपक्षी टीम

नॉर्थ ईस्ट जोन पहली पारी में केवल 111 रन पर सिमट गई. अभिजीत सरकार ने पांच विकेट लिए, जबकि शाहबाज अहमद को तीन सफलताएं मिलीं. इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन खेलना पड़ा. तीसरे दिन लंच तक टीम 102 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी और बड़ी हार के खतरे में है. अनुकूल रॉय ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद शमी को अब तक गेंदबाजी में सफलता नहीं मिली है.