2027 वनडे वर्ल्ड कप में अभी काफी समय बाकी है. भारतीय टीम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इसी बीच सचिन तेंदुलकर के नाम से एक कथित स्क्वॉड वायरल हुआ. आकाश चोपड़ा ने इसका सच सामने रखते हुए साफ कहा कि सचिन ने ऐसी कोई टीम घोषित नहीं की है.
सोशल मीडिया पर सचिन तेंदुलकर के नाम से वायरल स्क्वॉड में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, संजू सैमसन, केएल राहुल, तिलक वर्मा, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों के नाम बताए गए थे. इस सूची में जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर का नाम नहीं था. इसी वजह से पोस्ट पर क्रिकेट फैंस के बीच बहस शुरू हो गई. आकाश चोपड़ा ने अपनी ‘झूठ का डीआरएस’ सीरीज में इस पोस्ट की सच्चाई बताई और साफ किया कि यह टीम सचिन तेंदुलकर ने नहीं चुनी है.
आकाश चोपड़ा ने इससे पहले विराट कोहली के नाम से वायरल एक बयान को भी गलत बताया था. इस पोस्ट में दावा किया गया था कि कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें 2027 वर्ल्ड कप टीम में शामिल करने की बात कही है. इसके बाद भुवनेश्वर के फैंस ने पोस्ट पर बधाइयां देनी शुरू कर दी थी. आकाश ने बताया कि कोहली ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और अभी वर्ल्ड कप के लिए कोई टीम तय नहीं हुई है.
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे. टूर्नामेंट में अभी एक साल से ज्यादा का समय है, इसलिए भारतीय टीम को लेकर सामने आ रही ऐसी सूचियों को आधिकारिक चयन नहीं माना जा सकता. आकाश चोपड़ा ने लोगों से सोशल मीडिया पोस्ट पर तुरंत भरोसा करने के बजाय खबर की पुष्टि करने की सलाह दी. उन्होंने यह भी बताया कि फैंस की पसंद कई बार ऐसी फर्जी खबरों को तेजी से फैलाने में मदद करती है.