'आप उत्तराखंड के गौरव...' मुख्यमंत्री धामी ने ऋषभ पंत की शिकायत को लिया आड़े हाथ, ट्वीट का दिया जवाब

ऋषभ पंत के उत्तराखंड में जमीन लेने की गुहार पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अधिकारियों को मामले की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और नियमों के अनुसार सहयोग देने के निर्देश दिए हैं.

ANI
Meenu Singh

भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की उत्तराखंड में जमीन लेने की इच्छा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भरोसा दिलाया है. पंत ने अपने होम स्टेट में घर बनाने और वहां रहकर योगदान देने की इच्छा जताई थी. इसके जवाब में धामी ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी भावना सराहनीय है. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच और आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के जल्द पंत से संपर्क करने की बात भी कही गई है.

पंत के अनुरोध पर सरकार का भरोसा

ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन लेने की अपनी पुरानी सोशल मीडिया पर इजहार किया था. उनका कहना था कि वह लंबे समय से अपने होम स्टेट में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. पंत की इच्छा वहां अपना घर बनाने और अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देने की है. इसके लिए उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई थी. अब उनके अनुरोध पर CM धामी ने सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है.

धामी ने बताया उत्तराखंड का गौरव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत के राज्य के प्रति लगाव की सराहना की. उन्होंने कहा कि क्रिकेट में अपनी उपलब्धियों के जरिए पंत ने उत्तराखंड का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है. धामी ने मातृभूमि से जुड़कर उसके लिए कुछ करने की इच्छा को भी महत्वपूर्ण बताया.


अधिकारियों को दिए गए निर्देश

धामी ने पंत से जुड़े जमीन के मामले में संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अधिकारी जल्द ही क्रिकेटर से संपर्क करेंगे और नियमों के तहत संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे. यानी जमीन से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुसार ही आगे बढ़ेगी. सरकार की ओर से फिलहाल पंत के अनुरोध पर प्रक्रिया शुरू करने का संकेत दिया गया है.

होम स्टेट से पंत का गहरा जुड़ाव

ऋषभ पंत का उत्तराखंड से पुराना और इमोशनल रिश्ता रहा है. वह कई मौकों पर अपने गृह राज्य के प्रति लगाव जाहिर कर चुके हैं. अब वहां घर बनाने और राज्य के लिए योगदान करने की उनकी इच्छा चर्चा में है. मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पंत के प्रशंसकों में भी उत्साह देखा जा रहा है. हालांकि जमीन से जुड़ा अंतिम फैसला मौजूदा नियमों और प्रक्रिया के आधार पर ही होगा.