नई दिल्ली: IPL 2026 सीजन के बीच श्रीलंकाई क्रिकेट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ियों को एक होटल में नहाती महिलाओं के वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह घटना कोलंबो के नाराहेनपिटा इलाके के एक होटल में हुई, जहां श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम ठहरी हुई थी.
इस घटना के खुलासे से श्रीलंकाई क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है. हालांकि इसमें शामिल खिलाड़ियों के नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. पुलिस के अनुसार दोनों युवा क्रिकेटर टीम के साथ उसी होटल में ठहरे हुए थे. होटल में ठहरी कई महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई कि जब वे अपने बाथरूम के अंदर थीं, तो मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके उनके वीडियो बनाए जा रहे थे.
शिकायतें मिलने पर नाराहेनपिटा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और दोनों खिलाड़ियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या ये वीडियो इंटरनेट पर शेयर किए गए हैं.
खबर है कि दोनों खिलाड़ियों को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें निजी जमानत पर रिहा कर दिया गया. प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख श्रीलंकाई रुपये की जमानत दी गई. इस बीच मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होनी है. हालांकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अभी तक इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की घोषणा नहीं की है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड वर्तमान में प्रशासनिक पुनर्गठन के दौर से गुजर रहा है, जिसमें पिछले पदाधिकारियों को हटाए जाने के बाद एक 'ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी' का गठन किया गया है. पूर्व सांसद एरन विक्रमरत्ने को इस ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
गौरतलब है कि इसके सदस्यों में कुमार संगकारा का नाम भी शामिल है. इनके अलावा रोशन महानामा और सिदाथ वेट्टिमुनी भी इसका हिस्सा हैं. जिसके वजह से यह परिवर्तन समिति आने वाले दिनों में इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर सकती है.