नई दिल्ली. भारतीय टीम आयरलैंड का दौरा बिना हेड कोच के करेगी. 18 अगस्त से भारत और आयरलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज शुरू हो रही है. कप्तान जसप्रीत बुमराह को राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के बगैर ही दौरा करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- एशिया कप की कमेंट्री लिस्ट से आकाश चोपड़ा की छुट्टी, 5 भारतीयों को मिली जगह
माना जा रहा था की लक्ष्मण भारतीय टीम के कोच बनकर आयरलैंड जाएंगे लेकिन अब उनके बिना ही भारतीय टीम जाएगी. वेस्टइंडीज दौरे के बाद हेड कोच राहुल द्रविड़ और उनकी कोचिंग स्टाफ को रेस्ट दिया जाएगा.
NCA के कोच निभाते हैं मुख्य कोच की भूमिका
पिछले कई सालों से ऐसा था कि जब भी हेड कोच छुट्टी पर रहते हैं तो एनसीए (National Cricket Academy) के हेड कोच भारतीय टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाते थे. जब रवि शास्त्री हेड कोच थे तब राहुल द्रविड़ ने मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी.
क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो सितांशु कोटक और साईराज बहुतुले आयरलैंड दौरे में जसप्रीत बुमराह एंड कंपनी के साथ होंगे. कोटक और बहुतुले इससे पहले न्यूजीलैंड और आयरलैंड दौरों पर वीवीएस लक्ष्मण के सहयोगी के रूप में काम कर चुके हैं.
ये भी नहीं बताया गया है कि वीवीएस लक्ष्मण भारतीय टीम के साथ आयरलैंड के दौरे पर क्यों नहीं जा रहे हैं. राहुल द्रविड़ ब्रेक के बाद 24 अगस्त से एशिया कप 2023 के मद्देनजर एनसीए में एक हफ्ते का कैंप लगाएंगे. भारतीय टीम 30 अगस्त को श्रीलंका के लिए रवाना होगी.
भारतीय खिलाड़ियों का दो दल अलग-अलग यात्रा करके आयरलैंड पहुंचेगा. पहला दल मंगलवार को मुंबई से कप्तान जसप्रीत बुमराह के साथ उड़ान भरेगा. इनमें वो खिलाड़ी शामिल है जो वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं हैं. वहीं दूसरा दल फ्लोरिडा से आयरलैंड के लिए सीधा उड़ान भरेगा. इसमें संजू सैमसन, तिलक वर्मा, यशस्वी जायसवाल शामिल हैं.
आयरलैंडदौरे के लिए भारतीय टीम
जसप्रीत बुमराह (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह,संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार,आवेश खान.
यह भी पढ़ें- एशिया कप के लिए बांग्लादेश ने घोषित की टीम, इस खिलाड़ी को बनाया गया कप्तान