28 साल बाद फिर बनेगा इतिहास! एक ही दिन दो अलग जगह होगा टीम इंडिया का डबल धमाका
टीम इंडिया 3 अक्टूबर को दो अलग जगहों पर एक ही दिन दो इंटरनेशनल मैच खेल सकती है.
भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर ऐसा मौका बन रहा है, जब देश की दो टीमें एक ही दिन मैदान पर उतर सकती हैं. 3 अक्टूबर को एक टीम न्यू चंडीगढ़ में वेस्टइंडीज से वनडे खेलेगी. वहीं दूसरी टीम जापान में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल के लिए खेलती दिखाई दे सकती है.
3 अक्टूबर को दो जगह दिख सकती हैं भारतीय टीमें
एशियन गेम्स में भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. 28 सितंबर को उसका मुकाबला ग्रुप ए की दूसरे नंबर की टीम से होगा. ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं. क्वार्टर फाइनल जीतने पर भारत 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच खेलेगा. इसी दिन वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का तीसरा वनडे न्यू चंडीगढ़ में होना है. दोनों मुकाबलों के लिए अलग-अलग टीमें होंगी.
श्रेयस की टीम में कई बड़े नाम
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है और श्रेयस अय्यर कप्तान हैं. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं वेस्टइंडीज वनडे के लिए टीम का ऐलान अभी बाकी है. इस सीरीज में शुभमन गिल कप्तानी कर सकते हैं. वहीं रोहित शर्मा, विराट कोहली, कुलदीप यादव और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी खेलते नजर आ सकते हैं.
Also Read
28 साल पहले भी बना था ऐसा मौका
भारत ने इससे पहले भी एक ही दिन अलग-अलग जगहों पर दो इंटरनेशनल मैच खेले हैं. 12 सितंबर 1998 को सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले जैसे खिलाड़ी कुआलालंपुर में कॉमनवेल्थ गेम्स में कनाडा के खिलाफ उतरे थे. उसी दिन टोरंटो में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सहारा फ्रेंडशिप कप का मैच खेला था. उस टीम की कप्तानी मोहम्मद अजहरुद्दीन ने की थी और सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ तथा नवजोत सिंह सिद्धू भी टीम का हिस्सा थे.