वॉर्म-अप मैच से पहले गंभीर का 'गुरु मंत्र', VIDEO देखकर बढ़ जाएगा टीम इंडिया का जोश
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया स्थानीय श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्म अप मैच खेलेगी. इस मुकाबले से खिलाड़ियों को स्पिन, पिच और मैच परिस्थितियों में खुद को परखने का अहम अवसर मिलेगा.
भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है. भारतीय टीम 7 अगस्त से स्थानीय श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्म अप मैच खेलेगी. यह मुकाबला कोलंबो के एनसीसी मैदान पर खेला जाएगा. टीम प्रबंधन का मानना है कि इस अभ्यास मैच से खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों को समझने, स्पिन के खिलाफ खुद को परखने और कॉम्बिनेशन तय करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.
वॉर्म अप मैच से होगी तैयारी की परीक्षा
भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला सिर्फ अभ्यास नहीं, बल्कि टेस्ट सीरीज की तैयारी का अहम चरण माना जा रहा है. बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ लंबी पारियां खेलने का मौका मिलेगा, जबकि गेंदबाज भी पिच के व्यवहार को समझ सकेंगे. टीम प्रबंधन इस मैच के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम रणनीति तैयार करेगा.
Also Read
गंभीर ने खिलाड़ियों को दिया खास संदेश
BCCI की ओर से जारी वीडियो में मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को गुरुमंत्र देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने प्लेयर्स से कहा कि पहले टेस्ट की शुरुआत से पहले हर स्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है. उन्होंने अभ्यास को गंभीरता से लेने पर जोर दिया. टीम बैठक के दौरान उन्होंने सारांश जैन, आकिब नबी और नए फील्डिंग कोच शुभदीप घोष का स्वागत भी किया.
अनुभव और युवा जोश का होगा मेल
मौजूदा भारतीय टीम में केवल केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव को श्रीलंका में टेस्ट खेलने का अनुभव है. बाकी कई खिलाड़ी पहली बार वहां टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे. ऐसे में यह अभ्यास मैच युवा खिलाड़ियों के लिए स्थानीय परिस्थितियों से तालमेल बैठाने का बेहतरीन अवसर साबित हो सकता है.
गेंदबाजी आक्रमण पर रहेंगी नजरें
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज संभालेंगे. उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मानव सुथार और सारांश जैन पर भी नजर रहेगी. हाल ही में इंडिया ए के लिए अच्छा प्रदर्शन करने वाले गुरनूर और सारांश अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगे.
बारिश बन सकती है चुनौती
टीम इंडिया की तैयारियों के बीच मौसम भी अहम भूमिका निभा सकता है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कोलंबो में वॉर्म अप मैच के दौरान रुक रुककर बारिश होने की संभावना है. यदि ऐसा होता है तो अभ्यास प्रभावित हो सकता है. इसके बावजूद टीम प्रबंधन उपलब्ध समय का पूरा उपयोग कर टेस्ट सीरीज से पहले खिलाड़ियों को पूरी तरह तैयार करना चाहता है.