BRICS 2026

Team India का 80s लुक देख चौंके खिलाड़ी, वैभव सूर्यवंशी बोले- मुझे ज्यादा स्मार्ट बना दिया!

भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने 80s ट्रेंड में अपनी तस्वीरें देखीं. वैभव सूर्यवंशी का बदला अंदाज देखकर साथी खिलाड़ी भी हैरान और मजेदार अंदाज में नजर आए.

X (@BCCI)
Meenu Singh

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होगा. अफगानिस्तान की मेजबानी में तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएगा. मुकाबलों से पहले भारतीय टीम दिल्ली पहुंच चुकी है और अभ्यास में जुटी है. इसी बीच BCCI ने खिलाड़ियों का एक मजेदार वीडियो साझा किया, जिसमें क्रिकेटर्स अपने 80s लुक को देखकर अलग-अलग प्रतिक्रिया देते दिखाई दे रहे हैं. लेकिन उनमें भी सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की तस्वीर और उनके मजेदार रिएक्शन की हो रही है. 

80s लुक में दिखे टीम इंडिया के खिलाड़ी

फोटो सेशन के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की 80s थीम पर तैयार की गई तस्वीरें सामने रखी गईं. खिलाड़ी एक-एक करके अपनी तस्वीर देखने पहुंचे और अपने बदले हुए अंदाज को देखकर हैरान होते नजर आए. BCCI ने इसी दौरान कैमरे में उनकी प्रतिक्रियाएं रिकॉर्ड कीं. पुराने दौर के स्टाइल में तैयार इन तस्वीरों ने खिलाड़ियों के बीच खूब हंसी-मजाक का माहौल बना दिया.


वैभव की तस्वीर देखकर खूब हंसे साथी

जब वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तस्वीर देखी तो वह भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि तस्वीर में उन्हें जरूरत से ज्यादा स्मार्ट बना दिया गया है. अक्षर पटेल ने भी वैभव की तस्वीर पर मजेदार टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि असल में वैभव अभी बच्चे जैसे लगते हैं, लेकिन तस्वीर में उनका अंदाज काफी बड़ा दिखाई दे रहा है.

वैभव को पहचानना हुआ मुश्किल

भारतीय टीम में शामिल यश ठाकुर ने भी 80s लुक वाली तस्वीरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बाकी सभी खिलाड़ी तस्वीरों में पहचान में आ रहे हैं, लेकिन वैभव को पहचानना मुश्किल है. वीडियो में खिलाड़ियों की प्रतिक्रियाओं से साफ दिखा कि फोटोशूट ने टीम के बीच हल्का-फुल्का माहौल बना दिया. सीरीज से पहले सामने आया यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रहा है.

भारत में पहली बार T20I खेलेंगे वैभव

वैभव सूर्यवंशी ने केवल 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखकर सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर टी20I डेब्यू किया था, जहां उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा. इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की. तीन मैचों की सीरीज में वैभव ने 151 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए. अब भारत में पहली बार टी20I खेलने का मौका उनके सामने है. वैभव अब अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभाव छोड़ना चाहेंगे. अब तक 6 टी20I में उन्होंने 189.21 के स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं.