India vs New Zealand T20I: 200वीं जीत पर टीम इंडिया की नजर, दूसरे T20I में रचेगी दोहरा इतिहास

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा T20I भारत के लिए ऐतिहासिक मुकाबला होगा. मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया 300 T20I खेलने वाली पहली टीम बनेगी.

Pinterest
Km Jaya

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय टीम के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है. मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी, जिसे हासिल करने वाली वह दुनिया की पहली टीम बन जाएगी.

दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा T20I भारतीय टीम का 300वां T20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा. इसके साथ ही भारत 300 T20I खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी. टीम इंडिया ने साल 2006 में अपने T20 इंटरनेशनल सफर की शुरुआत की थी और अब वह इस फॉर्मेट में 300 मुकाबले पूरे करने जा रही है.

अब तक 199 मुकाबले जीते

भारत ने अब तक खेले 299 T20 इंटरनेशनल मैचों में 199 मुकाबले जीते हैं. वहीं टीम को 83 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. भारत के 7 मुकाबले टाई रहे हैं, जबकि 10 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला.


अब क्राइस्टचर्च में भारत की नजर एक और बड़े रिकॉर्ड पर होगी. अगर टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा T20I जीतने में सफल रहती है तो उसकी T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जीत की संख्या 200 हो जाएगी. ऐसा करने वाली भी भारतीय टीम दुनिया की पहली टीम बन जाएगी.

भारत के लिए क्यों है ये मुकाबला खास?

भारत के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि 200वीं जीत के साथ टीम एक ही मैच में दो ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कर सकती है. पहली उपलब्धि 300 T20I खेलने वाली पहली टीम बनने की होगी, जबकि दूसरी 200 T20I जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनने की होगी.

मैच का असर सीरीज पर भी देखने को मिलेगा. दूसरे T20I में जीत हासिल करते ही भारत 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना लेगा. इसके बाद सीरीज अपने नाम करने के लिए टीम इंडिया को बचे हुए तीन मुकाबलों में केवल एक जीत की जरूरत होगी.

वहीं न्यूजीलैंड के लिए दूसरा T20I काफी अहम होगा. भारत के खिलाफ लगातार दूसरी हार से मेजबान टीम पर सीरीज में वापसी का दबाव बढ़ जाएगा. ऐसे में क्राइस्टचर्च में होने वाला यह मुकाबला रिकॉर्ड, जीत और सीरीज की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है.