US Israel Iran War IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

T20 World Cup 2026: सुपर-8 राउंड में वेंटिलेटर पर पाकिस्तान, सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म; अब बन रहे ये समीकरण

अगर पाकिस्तान श्रीलंका से हार जाता है तो उसका सफर खत्म हो जाएगा. अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है तो पाकिस्तान मुकाबला खेले बिना ही बाहर हो जाएगा.

x
Anuj

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में पाकिस्तान की राह लगातार कठिन होती जा रही है. कोलंबो में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराकर ग्रुप 2 की तस्वीर लगभग साफ कर दी है. इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है, जबकि श्रीलंका बाहर हो गया है.

ऐसे में सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम के सामने अब करो या मरो की स्थिति है. उनके पास सिर्फ एक मुकाबला बचा है. इसी के साथ पाकिस्तान को दूसरी टीमों की हार-जीत और रन रेट पर निर्भर रहना होगा.

ग्रुप 2 में इंग्लैंड पहले स्थान पर कायम

ग्रुप 2 में इंग्लैंड 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है और उसका नेट रन रेट +1.491 है. न्यूजीलैंड के 3 अंक और +3.050 का शानदार नेट रन रेट है. पाकिस्तान 1 अंक और -0.461 एनआरआर के साथ तीसरे स्थान पर है. श्रीलंका दो हार के बाद शून्य अंक पर है. यह स्थिति बताती है कि पाकिस्तान को सिर्फ जीत नहीं, बड़ी जीत की जरूरत है.

न्यूजीलैंड की दमदार जीत

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए और फिर श्रीलंका को 107/8 पर रोक दिया. रचिन रवींद्र ने 4/27 की घातक गेंदबाजी की, जिससे श्रीलंकाई मध्यक्रम बिखर गया. इस जीत से कीवी टीम सेमीफाइनल के बेहद करीब पहुंच गई है और पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

क्या अंतिम-4 में पहुंचेगा पाकिस्तान?

पाकिस्तान का आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका से है. उससे पहले 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. यदि न्यूजीलैंड इंग्लैंड से हारता है और पाकिस्तान श्रीलंका को हराता है, तो दोनों के 3 अंक होंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट से होगा. पाकिस्तान को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड भारी अंतर से हारे.

पाकिस्तान का सफर खत्म?

अगर पाकिस्तान श्रीलंका से हार जाता है तो उसका सफर खत्म हो जाएगा. अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है तो पाकिस्तान मुकाबला खेले बिना ही बाहर हो जाएगा. वहीं, अगर इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश से धुल जाता है, तब भी पाकिस्तान की जीत बेकार साबित होगी क्योंकि न्यूजीलैंड 4 अंकों तक पहुंच जाएगा.

दबाव में सलमान अली आगा की टीम

सलमान अली आगा की कप्तानी में टीम को अब संयम और आक्रामकता दोनों दिखानी होंगी. बल्लेबाजों को तेज शुरुआत देनी होगी और गेंदबाजों को शुरुआती विकेट लेने होंगे. सेमीफाइनल की उम्मीद जिंदा है, लेकिन अब हर रन और हर गेंद अहम हो चुकी है. पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है.