T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास विराट कोहली को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका

सूर्यकुमार यादव को टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जाता है. वह अकेले दम पर मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं. वर्ल्ड कप से पहले उनका बल्ला कुछ खास नहीं चला था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने जबरदस्त वापसी की.

Social Media
Anuj

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है. पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका की टीम को 29 रनों से हराया. हालांकि, यह जीत आसान नहीं रही. एक समय भारतीय टीम का स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था और हालात काफी मुश्किल नजर आ रहे थे. ऐसे समय में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला.

सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को 20 ओवर में 161 रन तक पहुंचाया. उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें कई शानदार चौके और छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत भारत एक सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा और बाद में गेंदबाजों ने अमेरिका को लक्ष्य से दूर रखा.

भारत बनाम नामीबिया

अब भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलना है. यह मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें सूर्यकुमार यादव पर टिकी रहेंगी, क्योंकि उनके पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा. अगर सूर्या इस मैच में एक और अर्धशतकीय पारी खेलने में सफल रहते हैं, तो वह विराट कोहली को पीछे छोड़ देंगे.

शानदार फॉर्म में सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव को टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिना जाता है. वह अकेले दम पर मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं. वर्ल्ड कप से पहले उनका बल्ला कुछ खास नहीं चला था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने जबरदस्त वापसी की. उसी फॉर्म को उन्होंने वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में भी बरकरार रखा.

कोहली को पीछे छोड़ने का मौका

फिलहाल, टी20 इंटरनेशनल में घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा 50 या उससे अधिक रन की पारियां खेलने के मामले में सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. दोनों के नाम 14-14 ऐसी पारियां दर्ज हैं. अगर नामीबिया के खिलाफ सूर्या अर्धशतक लगाते हैं, तो वह इस सूची में अकेले पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे.

घरेलू मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में 50+ पारियां खेलने वाले खिलाड़ी

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव- 14-14 पारियां
केएल राहुल- 12 पारियां
रोहित शर्मा- 10 पारियां
ईशान किशन- 8 पारियां

घर में कैसा है सूर्या का रिकॉर्ड?

अगर सूर्यकुमार यादव के घरेलू रिकॉर्ड की बात करें तो उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. उन्होंने भारत में अब तक 44 टी20 मैचों की 43 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 39 के औसत से 1404 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतक और एक शतक निकला है. उनका स्ट्राइक रेट भी 170 से ज्यादा का रहा है. इसके अलावा वह घरेलू मैदान पर 86 छक्के और 126 चौके जड़ चुके हैं. ऐसे में नामीबिया के खिलाफ एक और बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है.