T20 World Cup 2026

पाकिस्तान टीम में दरार? कप्तान सलमान अली आगा कोच माइक हेसन पर आगबबूला, गुस्से में की ऐसी हरकत हो रहा वीडियो वायरल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से करारी शिकस्त देकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली. साहिबजादा फरहान की नाबाद 100 रनों की शानदार पारी और उस्मान तारिक के चार विकेटों ने टीम को मजबूत प्रदर्शन दिया.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर 18 फरवरी को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने नामीबिया पर धमाकेदार जीत हासिल की. यह जीत टीम के लिए बेहद अहम थी क्योंकि इससे सुपर-8 का रास्ता साफ हुआ. ओपनर साहिबजादा फरहान ने 58 गेंदों पर नाबाद शतक ठोककर इतिहास रचा, जो टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का दूसरा शतक है. लेकिन मैदान पर मिली इस बड़ी सफलता के बावजूद डगआउट में कुछ ऐसा हुआ जो सबकी नजरों में आ गया.

वीडियो में क्या है?

कप्तान सलमान अली आगा आउट होने के बाद वापस लौटे तो कोच माइक हेसन से उनकी तीखी बहस हो गई. गुस्से में उन्होंने बोतल जोर से पटक दी. यह पूरा सीन कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है.

पाकिस्तान की बल्लेबाजी में फरहान का जलवा

साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान की पारी की कमान संभाली. उन्होंने 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए. सैम अयूब के साथ शुरुआती 40 रनों की साझेदारी के बाद सलमान अली आगा के साथ 67 रन जोड़े. अंत में शादाब खान के साथ 81 रनों की तेज साझेदारी ने स्कोर 199/3 तक पहुंचाया. फरहान की यह पारी टीम के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई. 

गेंदबाजी में उस्मान तारिक का कमाल

जवाब में नामीबिया की टीम 97 रनों पर सिमट गई. उस्मान तारिक ने मिस्ट्री स्पिन से 4 विकेट चटकाए, जबकि शादाब खान ने 3 विकेट लेकर मिडिल ऑर्डर को तोड़ा. पाकिस्तान के गेंदबाजों ने पूरी तरह काबू रखा और 102 रनों की बड़ी जीत दर्ज की. यह प्रदर्शन टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहा. 

सुपर-8 में पाकिस्तान का ग्रुप और चुनौतियां

पाकिस्तान ग्रुप 2 में शामिल हो गया है, जिसमें श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड हैं. उनका पहला मैच 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलंबो में है. इसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड और 28 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ंत होगी. ये मजबूत टीमें हैं, इसलिए पाकिस्तान को अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा. 

डगआउट में तनाव, टीम के लिए चिंता का विषय

मैच जीतने के बावजूद कप्तान और कोच के बीच हुई बहस ने टीम के अंदरूनी हालात पर सवाल खड़े कर दिए. सलमान आगा का गुस्सा शायद उनकी आउट होने की निराशा या रणनीति पर असहमति से जुड़ा हो. पूर्व खिलाड़ी इसे पाकिस्तान क्रिकेट की संस्कृति पर सवाल बता रहे हैं. अब देखना होगा कि सुपर-8 में टीम एकजुट होकर खेलती है या नहीं.