T20 World Cup 2026: 12 साल का सूखा खत्म, नेपाल ने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराया; ऐरी के सिर बंधा जीत का सेहरा
ग्रुप सी के इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 170 रन बनाए. टीम के लिए माइकल जोन्स ने शानदार अर्धशतक लगाया और स्कॉटलैंड को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया.
मुंबई: टी20 विश्व कप में नेपाल की टीम ने अपने आखिरी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को सात विकेट से हरा दिया. इस जीत के हीरो दीपेंद्र सिंह ऐरी रहे, जिन्होंने बेहतरीन अर्धशतक लगाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया.
नेपाल के लिए यह मैच खास रहा, क्योंकि टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपनी पहली और आखिरी जीत दर्ज की और सम्मानजनक तरीके से प्रतियोगिता से विदा ली.
माइकल जोन्स का तूफानी अर्धशतक
ग्रुप सी के इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 170 रन बनाए. टीम के लिए माइकल जोन्स ने शानदार अर्धशतक लगाया और स्कॉटलैंड को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. माइकल जोन्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंद में 71 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 8 चौथे शामिल थे.
जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत
टी20 विश्व कप 2026 में नेपाल की टीम ने अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया. टूर्नामेंट के 33वें मुकाबले में नेपाल ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से मात दी. इससे पहले नेपाल को इंग्लैंड के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबले में सिर्फ एक रन से हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इस जीत ने टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाया और लंबे समय बाद विश्व कप में जीत का स्वाद चखाया. खास बात यह है कि नेपाल को टी20 विश्व कप में 2014 के बाद पहली जीत मिली है. वर्ष 2024 के टूर्नामेंट में भी नेपाल ने हिस्सा लिया था, लेकिन तब टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी थी.
नेपाल की तेज शुरूआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम को कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख ने तेज शुरुआत दी. दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 56 रन जोड़ दिए, जिससे टीम मजबूत स्थिति में आ गई. भुर्तेल ने 35 गेंद में 43 रन बनाए, जबकि आसिफ ने 27 गेंद में 33 रन का योगदान दिया. बाद में कप्तान रोहित पौडेल 16 रन बनाकर आउट हुए. 14वें ओवर तक नेपाल का स्कोर तीन विकेट पर 98 रन था और जीत के लिए अभी काफी रन बनाने बाकी थे.
दीपेंद्र सिंह ऐरी की मैच जीताऊ पारी
इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी और गुलशन झा ने चौथे विकेट के लिए मैच जिताऊ साझेदारी की. दोनों ने 36 गेंद में नाबाद 73 रन जोड़े. आखिरी 31 गेंद में नेपाल को 65 रन चाहिए थे, लेकिन दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 23 गेंद में नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे. गुलशन झा ने भी 17 गेंद में 24 रन बनाकर अच्छा साथ दिया. नेपाल ने लक्ष्य को आखिरी ओवर में हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत दर्ज की.
नेपाल की यादगार जीत
इस जीत के साथ नेपाल ने टी20 विश्व कप 2026 का सफर सम्मानजनक तरीके से खत्म किया. दीपेंद्र सिंह ऐरी की शानदार पारी और गेंदबाजों की सधी हुई वापसी ने टीम को यादगार जीत दिलाई, जो नेपाल क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है.
और पढ़ें
- टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास, खिलाड़ियों ने इस अंदाज में मनाया जश्न; आपका दिल जीत लेगा ये वीडियो
- T20 World Cup 2026: कंगारुओं के जख्मों पर बारिश का 'नमक', जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच रद्द; टूर्नामेंट से बाहर हुई ऑस्ट्रेलिया
- India vs Netherlands Live Streaming: कहां देखें भारत-नीदरलैंड्स T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, पिच और मौसम रिपोर्ट