T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: भारत ने अमेरिका को हराकर जीत के साथ किया आगाज, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खेली कप्तानी पारी; गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी

टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो गया है. टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला भारत और अमेरिका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. भारत ने अमेरिका को हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की. 

@BCCI
Anuj

मुंबई: टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो गया है. टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला भारत और अमेरिका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की. सूर्यकुमार यादव को शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

अमेरिकी कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. अमेरिका के गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. भारत को पहला झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा. अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. 

अमेरिका की घातक गेंदबाजी

इसके बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने पावरप्ले के दौरान बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के तीन अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उन्होंने तिलक वर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे को आउट कर भारतीय टीम को शुरुआती झटके दिए. भारतीय पारी के छठे ओवर में शैडली वैन शल्कविक ने खास कमाल दिखाया. इस ओवर में उन्होंने कुल तीन विकेट लिए.   

कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी

विकेटों की पतझड़ के बीच सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेली. उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया. सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 84 रन बनाए. भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की शुरूआत बेहद खराब रही. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और सिराज ने कसी हुई गेंदबाजी की. बाद के ओवरों में अक्षर और वरुण ने भी सधी हुई गेंदबाजी की.

भारत की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका

अमेरिका की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन ही बना सकी. भारत के लिए सिराज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके. वरुण चक्रवर्ती को एक सफलता मिली. 

क्या इतिहास रचेगा भारत

आपको बता दें कि साल 2024 में खेले गए T20 World cup में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरी बार खिताब जीता था. साल 2007 में भी भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में यह खिताब अपने नाम किया था. टूर्नामेंट के इतिहास में आज तक कोई भी टीम लगातार दो बार ट्रॉफी नहीं जीत सकी है. 

4 ग्रुप में 20 टीमों को बांटा गया

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार 20 टीम हिस्सा ले रही हैं. करीब 35 दिन तक चलने वाले  T20 World cup में 55 मैचों का आयोजन होगे, जो भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे. कुल 4 ग्रुप में 20 टीमों को बांटा गया है. हर ग्रुप में 5-5 टीमें है. वही, 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले का बॉयकॉट करने का फैसला लिया है.