IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

कोटा में भरभराकर गिरी दो मंजिला इमारत, 20 बच्चों के दबे होने की आशंका, सामने आई हादसे की वजह

कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई. इस हादसे में मलबे के नीचे 20 बच्चों के दबे होने की खबर है. घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

@SachinGuptaUP
Sagar Bhardwaj

राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार इलाके में एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई. घटना करीब रात 8:45 बजे की है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मलबे में करीब 20 बच्चों के दबे होने की आशंका है. घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

बिल्डिंग में चल रहा था रेस्टोरेंट

स्थानीय लोगों ने बताया कि बिल्डिंग में 'दिल्ली नॉनवेज' नाम का एक रेस्टोरेंट चल रहा था. घटना के वक्त वहां ग्राहक और 10-12 स्टाफ के लोग मौजूद थे. निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन अभी भी कुछ काम चल रहा था. अचानक तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिर गई, जिससे आसपास के लोग डर गए और चीख-पुकार मच गई.

पहले कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत करके मलबे से 4 से 5 लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं. रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है. अब तक 5-6 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

क्यों हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक इस बिल्डिंग के पीछे कई दिन से ड्रिल-हैमर मशीनें चल रही थीं, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में वाइब्रेशन था और इस वाइब्रेशन के कारण बिल्डिंग कमजोर हो गई और गिर गई. हालांकि पुलिस या प्रशासन ने अभी तक इस हादसे पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

डेढ़ घंटे लेट पहुंची क्रेन

कुछ लोगों का कहना है कि क्रेन डेढ़ घंटे लेट पहुंची, जिससे रेस्क्यू में देरी हुई. मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे हैं. एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली काट दी गई है. प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए कदम उठाए हैं.