IND vs SA: 'अक्सर हारकर रो पड़ते थे...', भारत-अफ्रीका मैच में दिखेगी 2 भाईयों के बीच जंग? बड़े भाई ने याद किए बचपन के किस्से
मोर्ने भारतीय टीम के गेंदबाजी आक्रमण को धार देने में जुटे हैं, जबकि अल्बी की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ रणनीति समझाना है. दोनों जानते हैं कि भावनाओं से ऊपर उठकर पेशेवर दायित्व निभाना होगा.
नई दिल्ली: ICC Men's T20 World Cup के सुपर 8 चरण में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टक्कर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहेगी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले से अनोखी पारिवारिक कहानी भी जुड़ी है. पहली बार मोर्ने मोर्केल भारत के गेंदबाजी कोच और अल्बी मोर्केल दक्षिण अफ्रीका के सलाहकार के रूप में आमने-सामने होंगे. 2024 फाइनल की यादें अभी ताजा हैं और दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही हैं.
मोर्केल भाइयों की टक्कर नई नहीं है. अल्बी मुस्कुराते हुए याद करते हैं कि बचपन में उनके बीच खेले गए ज्यादातर मैच बहस या आंसुओं पर खत्म होते थे. वह मजाक में कहते हैं कि मोर्ने अक्सर हारकर रो पड़ते थे, क्योंकि वह छोटे थे. वही जज्बा अब बड़े मंच पर दिखेगा.
अलग-अलग जिम्मेदारी
आज हालात बदल चुके हैं. मोर्ने भारतीय टीम के गेंदबाजी आक्रमण को धार देने में जुटे हैं, जबकि अल्बी की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ रणनीति समझाना है. दोनों जानते हैं कि भावनाओं से ऊपर उठकर पेशेवर दायित्व निभाना होगा.
भाइयों में रणनीति की जंग
अल्बी ने साफ कहा कि उनका काम भारत को हराने के तरीके ढूंढना है. वहीं, मोर्ने मानते हैं कि कोच पर दबाव रहता है, लेकिन अनुभवी सपोर्ट स्टाफ मानसिक बोझ हल्का करता है. यह मुकाबला मैदान के भीतर और बाहर, दोनों जगह रणनीति की परीक्षा होगा.
'मैदान पर कोई रिश्तेदारी नहीं'
दोनों भाइयों ने स्पष्ट किया है कि मैदान पर कोई रिश्तेदारी नहीं होगी. अल्बी ने कहा कि वह दक्षिण अफ्रीका के लिए काम करते हैं और लक्ष्य जीत है. परिवार में हल्की-फुल्की नोकझोंक जरूर होगी, पर पेशेवर रवैया बरकरार रहेगा.
दांव पर प्रतिष्ठा
भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों अब तक टूर्नामेंट में अजेय हैं. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका के लिए नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा के लिए भी अहम है. मोर्केल परिवार के लिए यह भावनात्मक क्षण होगा, लेकिन अंत में जीत ही सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी.
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका का स्क्वाड
भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रित बुमरा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज
दक्षिण अफ्रीका टीम:
एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, मार्को जानसन, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, लुंगी एनगिडी, क्वेना मफाका, केशव महाराज, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्टजे, ट्रिस्टन स्टब्स