'उसे क्रिकेट की बेसिक समझ भी नहीं', PAK के पूर्व कप्तान ने Babar के खास दोस्त को लताड़ा
T20 World Cup 2024, IND vs PAK: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट ने तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर निशाना साधा है. उन्होंने साफ कह दिया कि रऊफ को क्रिकेट की बेसिक समझ नहीं है.
T20 World Cup 2024, IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2024 में भारत और पाकिस्तान के बीच 9 जून को बड़ा मैच होना है. न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच से पहले पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी की बेइज्जती कम होने का नाम नहीं ले रही है. अमेरिका के खिलाफ सुपर ओवर में हार झेलने के बाद पाकिस्तान के सामने भारत के खिलाफ जीत दर्ज करने की चुनौती है. इस मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट ने तेज गेंदबाज हारिस रउफ पर निशाना साधा है. हारिस रऊफ कप्तान बाबर आजम के खास दोस्त माने जाते हैं.
सलमान बट ने यूएसए के हाथों मिली शर्मनाक हार का जिक्र करते हुए कहा हारिस को क्रिकेट की बेसिक समझ तक नहीं है और उन्होंने उसी तरह से मैच में गेंदबाजी की. ये वही रऊफ हैं, जो USA के खिलाफ आखिरी ओवर में 15 रन डिफेंड कर पाकिस्तान को जीत दिलाने में असफल रहे थे. उनके इस ओवर में अमेरिकी बल्लेबाज ने 14 रन बन बनाकर मैच टाई कराया था. इस ओवर की आखिरी गेंद पर रऊफ ने चौका खाया था, लिहाजा मैच टाई रहा. फिर सुपर ओवर में पाकिस्तान को शर्मनाक हार मिली. इसी आखिरी ओवर में खराब गेंदबाजी को लेकर सलमान बट ने रऊफ को लताड़ा है.
क्या बोले सलमान बट
क्रिकेट बैठक पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए सलमान बट्ट ने कहा 'ये कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि उन्होंने (रऊफ) इतने सारे रन दिए, क्योंकि वह अपनी फील्डिंग को ही नहीं देखते है और उसके अनुसार गेंदबाजी नहीं करते हैं. अगर मिड ऑफ सर्कल के अंदर है तब भी वो फुल गेंद डालते हैं और आखिरी गेंद पर चौका खा लेते हैं. आप देख सकते हैं कि कप्तान भी उन पर चिल्लाए थे, क्योंकि जब आपका मिडऑफ ऊपर होता है तो आप फुल गेंदें नहीं फेंकते, यह क्रिकेट का बेसिक है.'
ऐसा लगता है जैसे शेयरों में घाटा हो गया हो
सलमान बट यहीं नहीं रुके, उन्होंने हारिस रऊफ का मजाक उड़ाते हुए कहा 'उनकी कुछ अजीब शैली है जब वह गेंद फेंकते है और अपने सिर पर हाथ रखकर घुटनों के बल बैठते हैं. यह ऐसा है जैसे उसे शेयरों में घाटा हो गया हो या किसी ने उन्हें लूट लिया हो, लेकिन यह बहुत अनप्रोफेशनल है. आप कभी कुछ नहीं सीखते, उनमें सामान्य ज्ञान और खेल जागरूकता की कमी थी.'
मैच में क्या हुआ था?
अब जान लेते हैं कि आखिर पाकिस्तान बनाम अमेरिका मैच में क्या हुआ था. दरअसल, यह मुकाबला 6 जून डलास में खेला गया था, जिसमें पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 160 रन बनाए थे. जवाब में अमेरिका टीम 3 विकेट खोकर इतने ही रन बना सकी थी. इस तरह मैच टाई हुआ था, फिर सुपर ओवर हुआ, जिसमें पाकिस्तान को 5 रनों से हार मिली.