यूपी के सरकारी कर्मचारियों को मिला दीवाली गिफ्ट, सीएम योगी ने कर दिया बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस देने की मंजूरी दी है. दैनिक वेतनभोगियों को भी यह लाभ मिलेगा.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस मिलेगा. सरकार ने इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया है. इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को त्योहार से पहले आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है.
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?
सरकार के आदेश के मुताबिक, अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों को 30 दिन के बोनस का लाभ दिया जाएगा. इसके अलावा शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को भी इस दायरे में शामिल किया गया है.
बोनस की 25 फीसदी रकम नकद मिलेगी
बोनस के भुगतान के लिए सरकार ने अलग व्यवस्था तय की है. इसके तहत कुल बोनस राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों को नकद दिया जाएगा, जबकि बाकी 75 प्रतिशत रकम उनके भविष्य निधि (PF) खाते में जमा की जाएगी.
Also Read
हालांकि, सेवानिवृत्त हो चुके और जल्द रिटायर होने वाले पात्र कर्मचारियों को बोनस की पूरी रकम नकद दी जाएगी. यानी ऐसे कर्मचारियों के बोनस का कोई हिस्सा पीएफ खाते में जमा नहीं किया जाएगा.
दैनिक वेतनभोगियों को भी मिलेगा फायदा
योगी सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस योजना में शामिल किया है. इस श्रेणी के पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 1,184 रुपये का बोनस दिया जाएगा. इससे उन्हें भी त्योहार से पहले कुछ आर्थिक राहत मिलेगी.
सरकार के इस आदेश के बाद अब संबंधित विभाग और संस्थान निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 का बोनस भुगतान करेंगे.