15 अगस्त से पहले टीम इंडिया की 'फाइनल XI' का ब्लूप्रिंट तैयार, इन 2 पोजिशन पर सस्पेंस बरकरार
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है. नौ खिलाड़ियों की जगह मजबूत मानी जा रही है, जबकि दो स्थानों को लेकर अभी अंतिम फैसला बाकी है.
भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का इंतजार क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से है. सीरीज शुरु होने से पहले भारतीय टीम की तैयारी तेज हो गई है. इसके साथ ही फैंस की निगाहें भारत की प्लेइंग इलेवन पर भी रहेंगी, जिसे लेकर चर्चाएं अब तेज हो गई हैं.
प्रैक्टिस सेशन में खिलाड़ियों की मौजूदगी और टीम कॉम्बिनेशन के संकेतों ने कई सवालों के जवाब दे दिए हैं. लेकिन अभी भी नंबर 3 का स्पॉट सवालों के घेरे में है.
9 खिलाड़ियों की जगह लगभग तय
सीरीज शुरु होने से पहले प्रैक्टिस सेशन से सामने आई तस्वीरों के आधार पर शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल की जगह पक्कि मानी जा रही है. इनके अलावा विश्व स्तरीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और मोहम्मद सिराज भी पहले टेस्ट में खेलते नजर आ सकते हैं. इन खिलाड़ियों पर टीम प्रबंधन का भरोसा दिखाई दे रहा है.
Also Read
तीसरे नंबर पर बना हुआ सस्पेंस
टीम के नंबर तीन स्लॉट को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. साई सुदर्शन फिलहाल रिहैब्स प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. अगर वह समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो तीसरे पायदान पर देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि आखिरी फैसला खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रैक्टिस सेशन में प्रदर्शन के आधार पर निर्भर करेगा.
गेंदबाजी कॉम्बिनेशन पर अंतिम फैसला बाकी
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में भी एक स्थान को लेकर चर्चा जारी है. अगर गॉल की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होती है, तो सारांश जैन को मौका मिल सकता है. वहीं तेज गेंदबाजी को प्राथमिकता मिलने की स्थिति में प्रसिद्ध कृष्णा प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं.
सीरीज की शुरुआत पर रहेंगी सभी की नजरें
भारत के लिए यह टेस्ट सीरीज काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पहले मुकाबले में मजबूत शुरुआत टीम का आत्मविश्वास बढ़ा सकती है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि टीम प्रबंधन किन 11 खिलाड़ियों पर भरोसा जताता है और कौन से दो नाम अंतिम समय में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में सफल होते हैं.