MI vs SRH: 13 साल में 100 जीत... हैदराबाद ने वानखेड़े में मुंबई को हराकर रचा इतिहास

MI के खिलाफ जीत के साथ हैदराबाद ने लीग में अपनी 100वीं जीत पूरी कर ली, जो किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए गर्व की बात है. SRH ने यह मुकाम आईपीएल में डेब्यू के 13 साल हासिल किया.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का शानदार सफर भले ही शुरुआत में कुछ खास नहीं रहा हो लेकिन बाद में टीम ने धमाकेदार वापसी कर सबको चकित कर दिया है. अब टीम अपने प्रदर्शन से लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. कल वानखेड़े स्टेडियम में टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की.

पैट कमिंस के धुरंधरों ने 244 लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की. ये जीत टीम के लिए बेहद खास है. इस जीत के साथ ही SRH ने इतिहास में एक खास मुकाम भी हासिल कर लिया. MI के खिलाफ जीत के साथ हैदराबाद ने लीग में अपनी 100वीं जीत पूरी कर ली, जो किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए गर्व की बात है.

100 जीत तक का सफर

पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम इस सीजन पिछले पांच मैच से लगातार जीत दर्ज कर रही है. अब एसआरएच ने एक अलग ही मुकाम हासिल कर लिया है. टीम ने इस टूर्नामेंट में 100 जीत का सफर तय कर लिया है.

सनराइजर्स हैदराबाद ने 205 मैचों में यह मुकाम हासिल किया, जिसमें 100 जीत के साथ 104 हार भी शामिल हैं. टीम का जीत प्रतिशत करीब 49 है, जो कई पुरानी टीमों से बेहतर माना जाता है. यह आंकड़ा दर्शाता है कि टीम ने समय के साथ स्थिर प्रदर्शन किया है.

2013 में किया था पदार्पण

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद साल 2013 में IPL में शामिल हुई थी और शामिल होने के 13 साल बाद टीम ने यह उपलब्धि हासिल की. इससे पहले हैदराबाद का प्रतिनिधित्व डेक्कन चार्जर्स करती थी, जो 2012 तक लीग का हिस्सा रही, लेकिन आर्थिक कारणों से टीम बंद हो गई और उसकी जगह सनराइजर्स हैदराबाद ने ली.

किन टीमों के खिलाफ रहा दबदबा

आईपीएल में हैदराबाद ने अब तक कई टीमों के खिलाफ जीत दर्ज की है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका रिकॉर्ड सबसे मजबूत रहा है.

दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्हें सबसे ज्यादा हार का सामना करना पड़ा है. मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी दिग्गज टीमों के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है.