KKR VS SRH: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरकार अपनी जीत का खाता खोल लिया है. गुरुवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए एकतरफा मुकाबले में SRH ने मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी. 227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी KKR की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 16 ओवर में 161 रनों पर ऑलआउट हो गई.
मैच में KKR ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह गलत साबित हुआ. पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने शानदार 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. इससे पहले ओपनर ट्रैविस हेड (46) और अभिषेक शर्मा (48) ने टीम को तूफानी शुरुआत दी. KKR की तरफ से ब्लेसिंग मुजरबानी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 बड़े विकेट (क्लासेन, अभिषेक और इशान किशन) झटके. वहीं, कार्तिक त्यागी ने खतरनाक हेड को पवेलियन भेजा.
227 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही। फिन एलन ने पेन के पहले ही ओवर में 25 रन ठोक डाले, लेकिन दूसरे ओवर में हर्ष दुबे ने एलन (7 गेंदों में 28 रन) को आउट कर SRH को पहली और बड़ी सफलता दिलाई. इसके बाद अनुभवी अजिंक्य रहाणे (8) संघर्ष करते दिखे और जयदेव उनादकट का शिकार बने. दिलचस्प बात यह है कि 9 पारियों में 5वीं बार उनादकट ने रहाणे को आउट किया है.
केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रनों की शानदार जुझारू पारी खेली. वह रिंकू सिंह के साथ मिलकर एक साझेदारी बना ही रहे थे कि एक बड़ी गलतफहमी के चलते रन आउट हो गए। दिग्गज कैमरून ग्रीन (2) भी इसी तरह रन आउट का शिकार हुए.
इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी ने KKR की कमर तोड़ दी. उन्होंने खतरनाक दिख रहे रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय (0) को सस्ते में निपटा कर मैच SRH की झोली में डाल दिया. जयदेव उनादकट ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3 अहम विकेट चटकाए, जिससे KKR 16 ओवर में 161 रन पर ही सिमट गए.