इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सीजन का रोमांच जारी है. इसी बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खेमे से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. फ्रेंचाइजी के धाकड़ श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान थुशार ने अपने ही क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया है. थुशारा ने आईपीएल में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट न मिलने पर श्रीलंका क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ कोलंबो की अदालत में मुकदमा दर्ज करा दिया है. मामला इतना बढ़ गया है कि यह स्टार खिलाड़ी अब इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास लेने का मन बना चुका है.
दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने थुशारा को मौजूदा फिटनेस मानकों पर खरा न उतरने का हवाला देते हुए आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने के लिए NOC देने से इनकार कर दिया था. बोर्ड के इस फैसले से खफा थुशारा ने सीधे अदालत का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट में दायर याचिका में थुशारा ने तर्क दिया है कि उनका फिटनेस लेवल उनके करियर के ज्यादातर समय बिल्कुल ऐसा ही रहा है. इससे पहले उन्हें इन्हीं फिटनेस पैरामीटर्स के साथ NOC हासिल करने में कभी कोई परेशानी नहीं हुई.
श्रीलंकाई मीडिया आउटलेट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, थुशारा का श्रीलंका क्रिकेट के साथ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 31 मार्च को ही खत्म हो गया है. इस विवाद के बीच गेंदबाज ने बोर्ड को साफ शब्दों में बता दिया है कि वह अपना कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं करवाना चाहते हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से किनारा करने का फैसला कर चुके हैं. खिलाड़ी का मानना है कि जानबूझकर NOC रोककर उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है और उनके हाथ से दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में खेलने का सुनहरा मौका छीना जा रहा है.
थुशारा ने कोलंबो डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा, सचिव बंदुला दिसानायके, कोषाध्यक्ष सुजीवा गोदालियाड्डा और सीईओ एशले डी सिल्वा को प्रतिवादी बनाया है. अदालत इस हाई-प्रोफाइल मामले पर अब 9 अप्रैल को सुनवाई करेगी.
गौरतलब है कि RCB ने आईपीएल 2025 की नीलामी में नुवान थुशारा को 1.6 करोड़ रुपये की मोटी रकम में अपने साथ जोड़ा था. पिछले सीजन में उन्होंने टीम के लिए एक मुकाबला खेला था और टीम ने चैंपियन बनकर इतिहास रचा था. इस बीच, मौजूदा चैंपियन RCB ने आईपीएल 2026 में भी अपने अभियान का धमाकेदार आगाज करते हुए पहले ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को धूल चटा दी है. अब पूरी फ्रेंचाइजी और फैंस की नजरें 9 अप्रैल को होने वाली कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं.