menu-icon
India Daily

ICC ODI Rankings में दूसरे नंबर पर पहुंची स्मृति मंधाना, जानें अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है.

garima
Edited By: Garima Singh
ICC ODI Rankings में दूसरे नंबर पर पहुंची स्मृति मंधाना, जानें अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग
Courtesy: x

ICC ODI Rankings 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है.

28 वर्षीय मंधाना ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 135 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा, शुरुआती दो मैचों में उन्होंने क्रमशः 41 और 73 रन बनाए थे। उनकी निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें 738 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट 773 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि श्रीलंका की चमारी अटापट्टू (733 अंक) तीसरे स्थान पर हैं।

भारतीय खिलाड़ियों की अन्य उपलब्धियां

मंधाना वर्तमान में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने दूसरे वनडे में शतक लगाकर रैंकिंग में दो स्थान का सुधार करते हुए 17वें पायदान पर अपनी जगह बनाई. कप्तान हरमनप्रीत कौर, जो इस श्रृंखला में चोट के कारण नहीं खेल सकीं, 15वें स्थान पर हैं.

दीप्ति शर्मा ने हरफनमौला रैंकिंग में बनाई जगह

भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने 344 रेटिंग अंकों के साथ छठा स्थान बरकरार रखा है. गेंदबाजी में, दीप्ति ने इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन से टक्कर लेते हुए पांचवें से चौथे स्थान पर छलांग लगाई है. उनके गेंदबाजी रेटिंग अंक 680 हैं.

गार्डनर ने शीर्ष स्थान किया कब्जा

ऑस्ट्रेलिया की हरफनमौला खिलाड़ी एश्ले गार्डनर ने दक्षिण अफ्रीका की मारिजेन कैप को पछाड़ते हुए पहली पायदान पर जगह बनाई है. उन्होंने एशेज श्रृंखला के दौरान 146 रन और चार विकेट हासिल कर कुल 469 रेटिंग अंकों के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया.