IND vs WI: शुभमन गिल के शतक ने मचाया तहलका, विराट-धवन को पीछे छोड़ा
शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 96 गेंदों में शतक लगाकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शुभमन गिल का बल्ला जमकर चला. भारतीय कप्तान ने 96 गेंदों पर सेंचुरी पूरी की और कई पुराने आंकड़े पीछे छोड़ दिए. गिल ने वनडे में अपना 10वां शतक लगाया. इस दौरान उन्होंने शिखर धवन, विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा से जुड़े रिकॉर्ड भी तोड़े.
शुभमन गिल ने धवन और कोहली को पीछे छोड़ा
शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर की 67वीं पारी में 10वां शतक पूरा किया. इसके साथ ही वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में 10 वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. इससे पहले शिखर धवन ने 77 पारियों और विराट कोहली ने 80 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था. हालांकि, पूरी दुनिया की बात करें तो साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक इस मामले में सबसे आगे हैं. उन्होंने सिर्फ 55 पारियों में 10 वनडे शतक पूरे किए थे. गिल का यह वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे शतक भी रहा.
Also Read
रोहित शर्मा का भी बड़ा रिकॉर्ड किया पीछे
शुभमन गिल ने इस पारी के दौरान बतौर ओपनर रोहित शर्मा का एक खास रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. गिल ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर अपनी 61वीं पारी में 3000 वनडे रन पूरे किए. उन्होंने 41 रन बनाते ही यह आंकड़ा हासिल कर लिया. इससे पहले रोहित शर्मा ने ओपनर के रूप में 63 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे. इस तरह गिल ने रोहित से दो पारियां कम लेकर यह उपलब्धि हासिल की और वनडे में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.